Last Updated:
जमशेदपुर से सिर्फ 14 किमी दूर नारगा गांव का सिंघाड़ा तालाब पिकनिक के लिए शानदार जगह है. जंगलों से घिरे इस सरोवर का नीला पानी और हरियाली शिमला जैसा अहसास कराते हैं. सड़क मार्ग दुरुस्त होने से बाइक या कार से यहां पहुंचना बेहद आसान और सुकून भरा है.
जमशेदपुर: गर्मी की छुट्टियां आते ही हर कोई ऐसी जगह की तलाश में रहता है, जहां भीड़-भाड़ से दूर सुकून, हरियाली और पानी का खूबसूरत संगम मिल सके. अगर आप भी अपने परिवार और दोस्तों के साथ एक परफेक्ट पिकनिक स्पॉट ढूंढ रहे हैं, तो घाटशिला जाने वाले रास्ते में मौजूद नारगा गांव का ‘सिंघाड़ा तालाब’ आपके लिए किसी छुपे हुए स्वर्ग से कम नहीं है.
जमशेदपुर से इतना दूर
जमशेदपुर से महज 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह जगह शहर की भागदौड़ से बिल्कुल अलग एक शांत दुनिया का एहसास कराती है. जैसे ही आप नारगा गांव पहुंचते हैं, चारों तरफ फैली हरियाली और ठंडी हवा आपका स्वागत करती है. यहां की सबसे खास बात है, एक ही जगह पर बने तीन खूबसूरत तालाब. इन तालाबों का पानी इतना साफ और शांत है कि आप आसानी से अंदर तैरती मछलियों को अपनी आंखों से देख सकते हैं.
तालाब का पानी हल्के नीले और सफेद रंग की झलक लिए इतना आकर्षक लगता है कि देखते ही मन ठहर जाता है. चारों ओर हरे-भरे पेड़ और प्राकृतिक सुंदरता इस जगह को और भी खास बना देती है. ऐसा लगता है मानो प्रकृति ने खुद इस जगह को बड़ी खूबसूरती से सजाया हो.
कार-बाइक से पहुंचना आसान
यह जगह सिर्फ देखने के लिए ही नहीं, बल्कि पूरा दिन बिताने के लिए भी एकदम परफेक्ट है. यहां तक पहुंचने के लिए सड़क भी काफी अच्छी बनी हुई है. जिससे आप अपनी कार या बाइक से आराम से पहुंच सकते हैं. दोस्तों के साथ मस्ती करनी हो, परिवार के साथ शांत पल बिताने हों या फिर एक छोटी सी पिकनिक पार्टी प्लान करनी हो तो सिंघाड़ा तालाब हर तरह से बेहतरीन विकल्प है.
सुबह के समय यहां की ताजगी और शाम के वक्त ढलते सूरज का नजारा मन को सुकून देता है. पक्षियों की चहचहाहट और पानी की हल्की लहरें इस जगह के माहौल को और भी जीवंत बना देती हैं. अगर आप इस गर्मी में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो एक बार नारगा गांव के इस खूबसूरत सिंघाड़ा तालाब का रुख जरूर करें. यकीन मानिए, यहां बिताया हर पल आपको सुकून और ताजगी से भर देगा और शायद आप बार-बार यहां आने का मन करें.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



