Last Updated:
बेंगलुरु में पति के दोस्त से अपनी परेशानी कहना एक पत्नी के लिए जिंदगी भर का नासूर बन गया. पति-पत्नी और वो वाले मामले में यारंदाहल्ली में निर्माण मजदूर सुनील नायक के दोस्त बासुदेव मलिक ने गला रेतकर हत्या कर दी और शव बैग में खाली प्लॉट में फेंक दिया.
बेंगलुरू में पति के दोस्त से अपनी परेशानी बताना पत्नी को पड़ गया भारी, युवक ने पति का काट दिया गला.
Bengaluru Crime: पति के दोस्त से अपनी परेशानी कहना एक पत्नी को इतना भारी पड़ गया कि अब वह जिंदगी भर इसके लिए पछताती रहेगी. बेंगलुरु में ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसमें एक दोस्त ने दूसरे दोस्त का गला रेतकर हत्या कर दी और फिर उसके शव को प्लास्टिक के बोरे में ठूंसकर खाली प्लॉट में फेंक दिया. यह चौंकाने वाला मामला बेंगलुरु के यारंदाहल्ली के आरके टाउनशिप लेआउट में सामने आया है. संभावना जताई जा रही है कि आरोपी ने पीड़ित की पत्नी को हासिल करने के लिए यह जघन्य अपराध किया है.
26 मार्च की सुबह पुलिस को यारंदाहल्ली के पास एक खाली प्लॉट में गनी बैग मिला. बैग के अंदर 42 वर्षीय निर्माण मजदूर सुनील नायक का शव था. उसका गला रेता हुआ था. सुनील अपनी पत्नी पुष्पा के साथ पुलिस लेआउट, यारंदाहल्ली में किराए के मकान में रहता था. 25 मार्च की रात जब वह घर नहीं लौटा तो पुष्पा ने मकान मालिक आनंद को सूचित किया.
सुनील को खोजते-खोजते आनंद, पुष्पा और रिश्तेदारों ने बार के पास खाली प्लॉट में बोरा पड़ा देखा. जिसे खोला गया तो अंदर सुनील का शव था. पुलिस जांच में पता चला कि सुनील और आरोपी बासुदेव मलिक (30 वर्ष) उसी रात बार के पास शराब पी रहे थे. दोनों निर्माण मजदूर थे और एक-दूसरे को काफी पहले से जानते थे.यहां तक कि सुनील की पत्नी पुष्पा भी मलिक को जानती थी. मलिक ओडिशा का रहने वाला है.
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले पुष्पा ने मलिक को बताया था कि सुनील छोटी-छोटी बातों पर उसे मारता-पीटता है और घर लौटकर अक्सर झगड़ा करता है. भावनात्मक समर्थन मांगते हुए पुष्पा ने अपनी परेशानी शेयर की थी. तभी मलिक को पुष्पा से प्यार हो गया था और वह सुनील को रास्ते से हटाकर पुष्पा के साथ रिश्ता बनाने का सपना देखने लगा.
एक दिन मलिक और सुनील ने बैठकर शराब पी और नशे में मलिक ने सुनील का गला चाकू से रेत दिया. फिर शव को प्लास्टिक बैग में ठूंसकर कहीं और फेंकने की योजना बनाई लेकिन बार के पास लोगों को देखकर वह घबरा गया और शव वहीं खाली जगह पर छोड़कर फरार हो गया.
टीओआई में छपी खबर के मुताबिक पुलिस ने सबूतों के आधार पर मलिक की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में मलिक ने जुर्म कबूल किया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.
इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस एम नारायण ने स्पष्ट किया कि पुष्पा का इस हत्या में कोई हाथ नहीं है. उसने सिर्फ अपनी घरेलू परेशानियां मलिक से शेयर की थीं और भावनात्मक सहारा मांगा था.
यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत दर्ज किया गया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.
About the Author

Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें



