- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दिल्ली के राजघाट बस डिपो के पास रविवार दोपहर को झाड़ियों में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, आग बुझाने के लिए 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। आग पर काबू पाने के लिए कोशिश जारी हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग झाड़ियों में लगी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
पुरी जगन्नाथ मंदिर- इस्कॉन विवाद: पुरी मंदिर प्रशासन बोला- तय तारीखों से हटकर त्योहार मनाने पर कोर्ट जा सकते हैं

ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ मंदिर के अधिकारियों ने ISKCON के पारंपरिक रीति-रिवाजों से जानबूझकर की जा रही मनमानी पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जानकारी दे दी गई है और कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। हमारा आखिरी विकल्प हो सकता है।
मंदिर के अधिकारियों की योजना विदेश मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के साथ भी इस मामले को उठाने की है, इसके अलावा वे मायापुर स्थित ISKCON के मुख्यालय को फिर से पत्र भी लिखेंगे।
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिला और बेटी के अधजले शव मिले, पति लापता

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में संदेशखाली के एक घर से महिला और उसकी बेटी के अधजले शव मिले हैं। महिला का पता लापता है।
पुलिस ने बताया कि यह हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश का मामला लगता है। घरेलू कलह या किसी अन्य मकसद सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा।
मणिपुर के उखरुल में सुरक्षा बलों ने 21 बंकर नष्ट किए, टेंग्नोपाल जिले से 13 IED जब्त

सुरक्षा बलों ने मणिपुर के उखरुल जिले में 21 अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया है, जहां हाल ही में एक बीएसएफ जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इसके अलावा एक अलग अभियान में टेंगनौपाल जिले से 13 IED भी जब्त किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने शनिवार को लिटान पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सिकिबुंग गांव में 14 बंकरों और मोंगकोट चेपु में सात बंकरों को नष्ट कर दिया, और इस दौरान 11 खाली कारतूस जब्त किए गए।
जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.6 रही तीव्रता

जम्मू-कश्मीर के डोडा में रविवार सुबह करीब 4 बजकर 32 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर इस 4.6 मापी गई है। अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान खबर सामने नहीं आई है।
मध्य प्रदेश के डिंडोरी में ट्रक की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत, सभी सड़क किनारे खड़े थे

रविवार देर रात मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना गड़ासराय पुलिस थाना क्षेत्र के किकरातालाब गांव के पास रात करीब 1 बजे हुई, जब पीड़ित एक पिकअप गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे।
गाड़ी का एक टायर पंक्चर हो गया, जिसके बाद ड्राइवर उसे बदलने लगा और गाड़ी में बैठे लोग बाहर निकल आए। इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। ड्राइवर ने बताया कि उसे झपकी आ गई थी और वह पीड़ितों को देख नहीं पाया।
दिल्ली में 13 साल की किशोरी से रेप करने वाले मुंह बोले भाई को 25 साल की कैद

दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने 13 साल की नाबालिग से दुष्कर्म और उसे गर्भवती करने के मामले में मुंह बोले भाई को 25 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बबीता पूनिया की कोर्ट ने दोषी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। साथ ही पीड़िता को 14.50 लाख रुपए मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।
कोर्ट ने कहा- भले ही पीड़िता व उसकी मां बयानों से मुकर गईं, लेकिन डीएनए रिपोर्ट जैसे वैज्ञानिक साक्ष्य सच उजागर करने के लिए पर्याप्त हैं। मामला निहाल विहार थानाक्षेत्र का है। अक्टूबर 2024 में 13 साल की लड़की को गर्भवती हालत में गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल लाया गया था।
मेडिकल जांच में सामने आया कि वह करीब ढाई महीने की गर्भवती है। पीड़िता व आरोपी की मां अच्छी दोस्त थीं। पीड़िता आरोपी की मां को खाला व आरोपी को भाई बोलती थी। बच्ची घटना से काफी महीनों पहले से मौसी के घर रहती थी। उसी घर में आरोपी भाई ने रिश्तों को शर्मशार करते हुए बच्ची के साथ कई बार दुष्कर्म किया।
नासिक में ट्रक और पिक-अप के बीच टक्कर; 4 लोगों की मौत, 7 घायल

महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार को एक ट्रक और पिक-अप गाड़ी की टक्कर के बाद बड़ा हादसा हो गया। टक्कर के बाद पिक-अप गाड़ी में आग लग गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सभी लोग एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। ट्रक ने पिक-अप को टक्कर मारकर करीब 100 फीट तक घसीटा, जिसके बाद उसमें आग लग गई। हादसे के बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली में तेज रफ्तार ट्रक ने कई गाड़ियों को टक्कर मारी, बुजुर्ग की मौत

दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 65 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान मंजीत सिंह के रूप में हुई है, जो स्कूटर चला रहे थे।
पुलिस के मुताबिक हादसे में एक कार, दो बाइक, एक ई-रिक्शा, एक स्कूटर और एक अन्य ट्रक को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।




