Last Updated:
Amethi News: यूपी बोर्ड परीक्षा संपन्न हो गई है और अब परिणाम को लेकर बच्चे बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. लेकिन इसी बीच साइबर फ्रॉड भी एक्टिव हो गए हैं और बच्चों को निशाना बना रहे हैं. आइए जानते हैं कि ये ठग बच्चों को कैसे ठगी का शिकार बना रहे हैं.
अमेठी: माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित होने वाले यूपी बोर्ड की परीक्षा तो पूरी हो गई और अब बारी है परीक्षा परिणाम की, लेकिन इसी परीक्षा परिणाम को लेकर साइबर फ्रॉड भी अलर्ट हो गए हैं और विद्यार्थियों को अपना निशाना बना रहे हैं. अमेठी जिले में कई विद्यार्थियों के पास कॉल आई और अलग-अलग नंबर से उनसे पैसों की डिमांड हुई, जिसके बाद अब विभाग भी इन साइबर फ्रॉड पर अंकुश लगाने की तैयारी में है. इसके बाद विद्यार्थियों को मुस्तैद किया जा रहा है कि वह किसी भी बहकावे में ना आएं और उनका परीक्षा परिणाम पूरी तरीके से पारदर्शी हो.
दरअसल हम बात कर रहे हैं अमेठी जिले की, जहां पर के शाहगंढ ब्लॉक के किटियावा में स्थित एक निजी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों के पास कई नंबर से तरह-तरह के कॉल आ रहे हैं, जहां उन्हें बताया जा रहा है कि वह हिंदी, अंग्रेजी, गणित या फिर अन्य किसी विषय में फेल हैं और उन्हें यदि पास होना है, तो इस नंबर पर पैसे भेज दें अन्यथा वह फेल हो जाएंगे.
प्रबंधन समिति ने दिए निर्देश
इसके बाद विद्यार्थियों ने इसके शिकायत गोपनीय तरीके से अपने विद्यालय प्रबंध समिति से की, जिसके बाद प्रबंधन समिति ने भी पूरे मामले की जानकारी विभाग को दी है. इसके बाद अब विद्यार्थियों से अपील की जा रही है कि किसी प्रकार की कोई भी धनराशि किसी नंबर पर भी ना भेजें. यदि ऐसी कोई कॉल आती है, तो तुरंत पुलिस और तत्काल विभाग या फिर जिम्मेदार स्कूल के प्रबंधक से संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं.
परीक्षा प्रणाली से लेकर परिणाम तक पारदर्शी
पूरी समस्या को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार द्विवेदी ने परीक्षार्थी से अपील की है कि वह किसी प्रकार की कोई धनराशि किसी नंबर पर ना भेजें. यदि किसी भी नंबर से उनके पास फोन आता है या संदेश आता है या फिर अन्य किसी माध्यम से उनसे कोई भी पैसे की डिमांड की जाती है, तो परीक्षा ही नहीं, बल्कि परिणाम सहित अन्य कार्यों को लेकर भी किसी प्रकार के कोई पैसे ना दें. उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी सुरक्षा के साथ संपन्न हुई और पूरी व्यवस्था और परीक्षा परिणाम पारदर्शी और सुरक्षा पूर्ण तरीके से की जा रही है.
उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की कोई असुविधा परीक्षार्थियों को नहीं होगी और उनका परिणाम निर्धारित समय पर आएगा. उनके मेहनत और कार्य कुशलता के आधार पर उन्हें नंबर दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी प्रधानाचार्य को भी निर्देश दिए गए हैं कि अपनी-अपनी तरफ से जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा दें, जिससें किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना और साइबर फ्रॉड विद्यार्थियों के साथ ना हो.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.



