Last Updated:
Hanumangarh Wedding Attack News: हनुमानगढ़ के जंक्शन इलाके में शादी समारोह पर धारदार हथियारों से हमला, कई घायल. पुराने रिश्ते के विवाद से बवाल, परिवार अब सिरसा में शादी करेगा, पुलिस जांच में. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला पुराने रिश्ते से जुड़ा हुआ है. लड़की का पहले अनूपगढ़ में रिश्ता तय हुआ था, लेकिन बाद में परिजनों ने वह रिश्ता तोड़कर हरियाणा के सिरसा में नया रिश्ता कर दिया.
हनुमानगढ़ की एक शादी में हमला
हनुमानगढ़. शादी का माहौल, रोशनी, मेहमानों की भीड़ और खुशी का माहौल… लेकिन इसी बीच अचानक सब कुछ बदल गया. जंक्शन इलाके में चल रहे एक शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया जब करीब दो दर्जन लोग धारदार हथियार लेकर घुस आए और हमला कर दिया. देखते ही देखते खुशी का माहौल डर और अफरा-तफरी में बदल गया. लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए, और कई लोग घायल हो गए.
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला पुराने रिश्ते से जुड़ा हुआ है. लड़की का पहले अनूपगढ़ में रिश्ता तय हुआ था, लेकिन बाद में परिजनों ने वह रिश्ता तोड़कर हरियाणा के सिरसा में नया रिश्ता कर दिया. इसी बात से नाराज होकर पहले वाले पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया. घटना के समय सिरसा से बारात आने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही हालात बिगड़ गए.
धारदार हथियारों से हमला, कई लोग घायल
हमले में लड़की के पिता, मौसा समेत कई परिजनों को चोटें आई हैं. हमलावरों ने सिर्फ लोगों को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि शादी हॉल में रखे कैटरिंग के सामान में भी तोड़फोड़ कर दी. कुर्सियां, टेबल और खाने-पीने का सामान बिखर गया. मौके पर मौजूद लोग काफी घबराए हुए थे और कुछ देर तक कोई समझ नहीं पा रहा था कि आखिर हो क्या रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. घायलों को इलाज के लिए भेजा गया और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई. पुलिस ने हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
डर के बीच बदला फैसला, अब सिरसा में होगी शादी
इस घटना के बाद लड़की के परिजनों ने बड़ा फैसला लिया है. अब वे हनुमानगढ़ में शादी करने की बजाय सीधे सिरसा जाकर शादी करेंगे. पुलिस भी इस पूरे मामले को देखते हुए लड़की और उसके परिवार को सुरक्षित सिरसा तक छोड़ने की तैयारी में है.
जंक्शन पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि निजी विवाद किस तरह बड़े हादसे में बदल सकते हैं. शादी जैसा खुशियों का मौका भी हिंसा की भेंट चढ़ गया, और लोग अब भी उस डर से बाहर नहीं निकल पाए हैं.
About the Author

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



