Last Updated:
दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के लेडीज टॉयलेट में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया. बदबू की शिकायत के बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां शव फंदे से लटका मिला. पुलिस को शक है कि मृतक टॉयलेट कॉम्प्लेक्स का केयरटेकर हो सकता है. फिलहाल शव की पहचान कर मौत के कारणों की जांच जारी है.
दिल्ली मेट्रो के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के महिला टॉयलेट से एक पुरुष का शव बरामद हुआ है. (फाइल फोटो)
Indralok Metro Station: दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब लेडीज वॉशरूम के अंदर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में बरामद किया गया. इस घटना के बाद मेट्रो परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है. मौके पर पहुंची दिल्ली मेट्रो पुलिस शव को कब्जे में लेकर अपनी जांच शुरू कर दी है.
दिल्ली मेट्रो पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5:33 बजे पीएस एनएसपी मेट्रो को एक पीसीआर कॉल मिली. कॉल में बताया गया कि इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के सुलभ टॉयलेट कॉम्प्लेक्स के लेडीज वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद है और वहां से तेज बदबू आ रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
पुलिस जब इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन स्थित टॉयलेट कॉम्प्लेक्स पहुंची, तो पाया कि लेडीज वॉशरूम अंदर से बंद था. काफी कोशिशों के बाद जब दरवाजा नहीं खुला, तो उसे तोड़ना पड़ा. दरवाजा तोड़ने के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया. अंदर करीब 40 साल के एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ मिला.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक संभवतः उसी टॉयलेट कॉम्प्लेक्स का केयरटेकर था. एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि उसने उस व्यक्ति को आखिरी बार करीब दो दिन पहले देखा था. इसके बाद से वह नजर नहीं आया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शव दो दिन पुराना हो सकता है. जिसके बाद, दिल्ली मेट्रो पुलिस ने क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दिल्ली के बीएसए अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि उसकी पहचान की पुष्टि की जा सके. मेट्रो अधिकारियों की मदद से मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें



