Homeटेक्नोलॉजीपंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: AAP मंत्री गिरफ्तार; नशा तस्करों ने पुलिसवाले...

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: AAP मंत्री गिरफ्तार; नशा तस्करों ने पुलिसवाले पीटे; बाप-बेटी पर चढ़ा रोड रोलर; जेल में लेडी अफसर की पिटाई – Punjab News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी रही। उनके घर चंडीगढ़ में ED ने रेड की, 10 घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर टीम दिल्ली लेकर गई है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. ED रेड के बाद AAP मंत्री गिरफ्तार, केजरीवाल बोले- मोदी पार्टी तोड़ने में लगे

केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने AAP के मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग के केस में गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह हुई रेड के वक्त वह चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित अपनी सरकारी कोठी पर ही थे। इसके बाद करीब 10 घंटे की पूछताछ की गई। जिसके बाद ED की टीम उन्हें दिल्ली ले गई।

चंडीगढ़ के सेक्टर-2 में ED टीम की 15 गाड़ियां एक साथ पहुंची और पूरा घर लिया। इसके बाद बाहर CRPF के जवान तैनात कर दिए गए। किसी को भी घर के अंदर जाने या बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। अरोड़ा पर साल में तीसरी और महीने में दूसरी बार ED ने रेड की है।

ED सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया है कि संजीव अरोड़ा ने अपनी कंपनी के जरिए मोबाइल फोन की 100 करोड़ रुपए से अधिक की फर्जी GST खरीद दिखाकर बड़े स्तर पर मनी लॉन्ड्रिंग की। इसके बाद दुबई से भारत में अवैध रकम की राउंड-ट्रिपिंग के लिए इन सामानों के निर्यात यानी एक्सपोर्ट का इस्तेमाल किया (पढ़ें पूरी खबर)

2. बुड़ैल जेल में पूर्व लेडी अफसर की पिटाई, ड्रग पैडलर से भिड़ी

2 photo 81778258737 1778311595

चंडीगढ़ नगर निगम के 116.84 करोड़ रुपए की फर्जी एफडी घोटाले में जेल में बंद स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की पूर्व CFO नलिनी मलिक का बुडैल जेल में विवाद हो गया। जेल के अंदर उसकी बैरक में बंद ड्रग पैडलर बाला से कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गई। उस समय बैरक में अन्य महिला कैदी भी मौजूद थीं।

उन्होंने दोनों को छुड़ाने की कोशिश की और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस बैरक में पहुंची और नलिनी, बाला समेत अन्य महिला कैदियों को अलग-अलग किया। इसके बाद पुलिस नलिनी को बैरक से बाहर ले गई। जेल में मौजूद अन्य महिला कैदियों ने पुलिस को बताया कि विवाद की शुरुआत नलिनी ने की थी।

उनका कहना था कि वह आते ही बहस करने लगी। उसे काफी समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं मानी, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया। उसे सेक्टर-48 स्थित साइकेट्री विभाग में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, नलिनी जब से बुडैल जेल में गई, वह सोती नहीं थी और गुस्से में बात करती थी (पढ़ें पूरी खबर)

3. CM भगंवत मान बोले- जितनी मीटिंग कर लो, बेअदबी कानून वापस नहीं होगा

img58411778305683 1778311909

CM भगवंत मान ने कहा कि बेअदबी कानून बिल्कुल वापस नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग बेअदबी कानून के साथ सहमत है, लेकिन सिर्फ बादल परिवार ही ऐसा है जो विरोध कर रहा है। इसका कारण यह है कि परिवार पहले खुद बेअदबी की घटना में संलिप्त रहा है। पंजाब में क्या कोई नया पंथ बादल पंथ चलाया जा रहा है। अब कानून वापस नहीं होगा।

राज्यपाल के हस्ताक्षर भी हो चुके हैं। कोई पत्थर दिल होगा जो इस कानून का विरोध करेगा। मान ने कहा कि मेरी शुकराना यात्रा में भारी संख्या में लोग आ रहे हैं तो फिर वह लोग कौन हैं, जो विरोध कर रहे हैं। मान ने अप्रत्यक्ष तरीके से श्री अकाल तख्त साहिब जत्थेदार के मीटिंग बुलाने को लेकर पर भी कमेंट किया। उन्होंने कहा कि जितनी मीटिंग कर लो, कानून अब लागू हो चुका है।

अकाल तख्त ने 8 मई को पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार संधवां को तलब कर स्पष्टीकरण मांगने के साथ कानून पर एतराज जताए थे। जत्थेदार का कहना था कि जिनके लिए कानून बना, उन्हें पूछा ही नहीं गया। इसमें कस्टोडियन यानी ग्रंथियों को ही जिम्मेदार बना दिया गया।(पढ़ें पूरी खबर)

4. लुधियाना में गार्ड ने कुत्ते को ट्रेन से बाहर फेंका, उसे बचाने ट्रांसपोर्टर चलती गाड़ी से कूदा

ezgif 493801def064a6f71778248031 1778312309

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर गार्ड ने चलती ट्रेन से महिला NRI का कुत्ता नीचे फेंक दिया। NRI महिला इसे एनिमल ट्रांसपोर्टर की मदद से मोगा से जबलपुर भेज रही थी। जो ट्रांसपोर्टर इसे ले जा रहा था, वह भी उसी ट्रेन के जनरल डिब्बे में बैठा हुआ था। जब उसे पता चला तो वह दौड़ा-दौड़ा गार्ड के पास गया। उसने वजह पूछी तो गार्ड ने पर्याप्त डॉक्यूमेंट्स न होने की बात कही।

जिसके बाद दोनों में जमकर बहस हो गई। ट्रांसपोर्टर ने लैब्राडोर नस्ल का कुत्ता सही सलामत जबलपुर पहुंचाने के बदले फीस ली थी, इस वजह से कुत्ते को पकड़ने के लिए उसने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। जिस वजह से उसके घुटनों में चोट लग गई। जब वह कुत्ते तक पहुंचा तो उसे आवारा कुत्तों ने घेरा हुआ था।

उसने किसी तरह से मुश्किल से कुत्ते को बचाया। ट्रांसपोर्टर के मुताबिक वह तुरंत रेल अफसरों के पास गया लेकिन किसी ने कोई हेल्प नहीं की। जिसके बाद वह कुत्ते को वापस मोगा ले गया। इस मामले में रेलवे स्टेशन के सुपरिटेंडेंट ने जांच का भरोसा दिया है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. थाने के बाहर आग लगाने वाली रेप पीड़िता ने दम तोड़ा

प्रतीकात्मक फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो।

मोहाली में खुद को आग लगाने वाली युवती ने PGI में दम तोड़ दिया। पंचकूला की रहने वाली युवती ने पुलिस से मांग की थी कि उसके साथ शादी का झांसा देकर रेप हुआ। फ्रॉड करने के साथ लाखों रुपए ठगे गए। इसलिए पुलिस उस पर कार्रवाई करे। इसको लेकर वह 28 अप्रैल को जीरकपुर में बलटाना पुलिस चौकी में आई थी। सुनवाई न होने पर उसने खुद को आग लगा ली थी।

युवती का कहना था कि युवक के साथ उसका प्रेम संबंध था। आरोपी ने सैलून खोलने के बहाने उससे करीब 5 लाख रुपए की मांग की। 2 लाख कैश और बाकी लोन लिया गया। युवती की बहन के नाम पर एक आईफोन भी फाइनेंस करवाया। बाद में पैसों और किश्तों को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। युवती ने आरोप लगाया था कि आरोपी उसे बलटाना क्षेत्र के एक निजी होटल में ले जाकर दुष्कर्म करता रहा।

इस संबंध में शिकायत दर्ज होने के बाद मामला पंचकूला पुलिस से बलटाना चौकी पहुंचा। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था। इस घटना के बाद पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मोहाली के डीसी और एसएसपी से रिपोर्ट तलब की है। वहीं, बलटाना चौकी प्रभारी और जांच अधिकारी को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. बाप-बेटी के सिर पर रोड रोलर चढ़ने का VIDEO, पिता की मौत, बेटी गंभीर

comp 12 1 1778312856

बठिंडा में सड़क निर्माण के दौरान बाप-बेटी की स्कूटी फिसल गई। वह रोड पर गिर गए। इसी दौरान रोड समतल करने में जुटा रोलर पीछे की तरफ आया और बाप-बेटी के ऊपर चढ़ गया। बाप के सिर पर भारी भरकम रोड रोलर चढ़ने से सिर बुरी तरह कुचला गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 9 साल की बेटी बुरी तरह से घायल हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक यह हादसा शुक्रवार को गणेशा बस्ती में हुआ। यहां गली नंबर 9 में रोड का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान अफीम वाली गली के रहने वाले विशाल गुप्ता‎(35) अपनी बेटी मन्नत (9)‎के साथ स्कूटी पर जा रहे थे।‎ इसी दौरान एक घर के बाहर बिखरी बजरी की वजह से उनकी स्कूटी अचानक फिसल गई।

स्कूटी फिसलते ही दोनों रोड में बीचोंबीच गिर पड़े। तभी पीछे की तरफ आ रहा रोड रोलर उनके ऊपर चढ़ गया। रोलर का पिछला पहिया दोनों के ऊपर से गुजरकर निकल गया। झटका लगा तो रोड रोलर का ड्राइवर तुरंत नीचे उतरा। हादसे का पता चलते ही वहां अफरातफरी मच गई। (पढ़ें पूरी खबर)

7. तस्कर के घर रेड करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला

whatsapp image 2026 05 09 at 23807 pm1778319628 1778328174

बठिंडा में नशा तस्कर के घर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। जिसमें ASI और सिपाही घायल हो गया। घटना शनिवार सुबह साढ़े 7 बजे की है। पुलिस टीम पर हमले का पता चलते ही थाने से और फोर्स वहां पहुंची। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बयान दर्ज कर हमलावरों पर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक ASI जगसीर सिंह की अगुआई में पुलिस टीम नशा तस्कर जीतू के घर रेड करने पहुंची थी। जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो जीतू के घर में मौजूद लोगों ने पुलिस मुलाजिमों पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। जिसमें ASI जगसीर सिंह के साथ सिपाही नीरज कुमार घायल हो गया।

इसके बाद दोनों को तुरंत तलवंडी साबो के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। एएसआई जगसीर सिंह के सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए बठिंडा रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक हमलावरों की तलाश की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. ‘मेरी रसोई योजना’ की शुरुआत, CM बोले- अब कोई भूखा नहीं सोएगा

1 1778329625

CM भगवंत मान ने संगरूर में मेरी रसोई स्कीम को लॉन्च कर दिया है। इस मौके सीएम ने कहा कि सिर्फ आटा-दाल से रसोई पूरी नहीं होती। इसलिए इस योजना के तहत एक राशन किट तैयार की गई है जिसमें 7 जरूरी चीजें शामिल हैं। जिनमें 1 लीटर सरसों का तेल, 2 किलो माह-छोले की दाल, 2 किलो चीनी, एक किलो नमक और 200 ग्राम हल्दी शामिल है।

सीएम ने कहा कि इस स्कीम से पंजाब के लगभग 40 लाख 85 हजार परिवारों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। यह किट हर तीन महीने में एक बार दी जाएगी, यानी साल में कुल चार बार परिवारों को यह राशन किट मिलेगी। इस मौके मान ने दावा किया कि पंजाब के 90% घरों का बिजली बिल जीरो आ रहा है।

महिलाओं के लिए 1000 रुपए और दलित परिवारों की महिलाओं के लिए 1500 रुपए प्रति माह की योजना के कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि अगर कार्ड बनने में देरी भी होती है, तो भी पैसा पिछले महीनों के हिसाब से जोड़कर दिया जाएगा। CM ने ये भी कहा कि अब राशन या अन्य योजनाओं के लिए अंगूठे के निशान यानी फिंगरप्रिंट्स की जरूरत नहीं होगी।

खबर विदेश से

9. न्यूजीलैंड में 3 पंजाबी युवकों को कैद, साढ़े 7 करोड़ की ठगी की

ezgif 153df61f7115270b 11778258598 1778312232

न्यूजीलैंड में पंजाबी युवकों ने साढ़े 7 करोड़ रुपए यानी करीब 8 लाख डॉलर ठग लिए। इस मामले में अब 3 पंजाबी युवकों के मास्टरमाइंड को 4 साल कैद की सजा सुनाई है। बाकी 2 साथियों को 2 साल से अधिक की कैद की सजा हुई है। न्यूजीलैंड पुलिस के मुताबिक तीनों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर 28 बुजुर्गों के कैश कार्ड और पिन नंबर हासिल किए।

आरोपी युवक फोन डायरेक्टरी से नंबर ढूंढते थे। वे लैंडलाइन नंबरों पर ही फोन करते थे, क्योंकि उन्हें पता था कि बुजुर्ग लोग आज भी लैंडलाइन का उपयोग करते हैं। वे उन इलाकों को चुनते थे जहां रिटायर्ड लोग ज्यादा रहते थे। फोन करने से पहले वे अक्सर बुजुर्ग का नाम और पता पहले से जानते थे, जिससे उनकी बातों पर यकीन करना आसान हो जाता था।

युवक ठगी के दौरान डबल कॉलिंग तकनीक का उपयोग करते थे। पहले एक युवक बैंक अधिकारी बनकर फोन करता था। जब बुजुर्ग को थोड़ा शक होता, तो वह कहता कि आप अभी पुलिस को फोन करके पुष्टि कर लें। वे फोन काटते नहीं थे और लाइन होल्ड पर रखते थे। बुजुर्ग जब पुलिस का नंबर डायल करता, तो दूसरा साथी ही पुलिस बनकर फोन उठाता और बैंक की बात को सही बताता। इससे बुजुर्ग पूरी तरह उनके जाल में फंस जाते थे (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके

10. खुले में पेशाब पर 10 हजार जुर्माना लगेगा

newsroom composite

चंडीगढ़ में अब खुले में कही भी पेशाब और शौच करना भारी पड़ सकता है। नगर निगम ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (SWM) बायलॉज-2018 में बड़ा संशोधन किया है। इसमें खुले में मल-मूत्र करने को गंदगी फैलाने की कैटेगिरी में रखा गया है। अगर कोई पकड़ा जाता है तो उस पर 10 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि फैसला स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 की गाइडलाइन के तहत लिया गया है। इसके लिए निगम के इंस्पेक्टर व फील्ड स्टाफ नजर रखेगा। अगर कोई ऐसा करता पाया गया तो उसकी फोटो खींची जाएगी। फिर उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।

जुर्माने के तौर पर वसूले जाने वाले 10 हजार रुपए में 500 रुपए फाइन और 9,500 रुपए एडमिनिस्ट्रेटिव चार्ज शामिल है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह कदम लोगों को खुले में पेशाब और शौच करने से रोकने और शहर की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए उठाया गया है (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments