Last Updated:
बिहार का वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) प्राकृतिक खूबसूरती का खजाना है. यहां की शिवालिक पहाड़ियां और घने जंगल मंत्रमुग्ध कर देते हैं. मंगुराहा रेंज में बाघ, तेंदुआ और दुर्लभ हिमालयन सेरो दिखते हैं. लाल भित्तियां का सनसेट पॉइंट सैलानियों को जादुई एहसास कराता है. यह स्थल वाइल्ड लाइफ लवर्स के लिए जन्नत है.
पश्चिम चंपारणः बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बसा वाल्मीकि टाइगर रिजर्व कुछ ऐसे अतुलनीय पर्यटन स्थलों से घिरा है, जिसकी खूबसूरती आपको यह सोचने पर मजबूर कर देगी कि क्या सच में यह बिहार ही है! वैसे तो वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व दो डिविजन और आठ रेंजों में बंटा है. लेकिन आज हम आपको जिस रेंज की जानकारी दे रहे हैं, वह शिवालिक की पहाड़ियों, घने जंगलों, पहाड़ से निकल रही छिछली नदियों और दुनिया के कुछ अत्यंत दुर्लभ जीवों से घिरा है. टूर ऑपरेटर्स बताते हैं कि VTR के इस खास पर्यटन से ढलते सूरज को देखना आपको किसी और दुनिया का एहसास कराता है. यही कारण है कि हर महीने यहां विदेशी सैलानियों का अनगिनत समूह पर्यटन के लिए पहुंचता है.
वाइल्ड लाइफ का गढ़
हम बात कर रहे हैं नेपाल के चितवन से अपनी सीमा साझा करने वाले वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व के डिविजन 01 के अंतर्गत आने वाले मंगुराहा रेंज की. टाइगर रिज़र्व के अन्य रेंजों की तुलना में यह रेंज घाटियों और समतल मैदान का संगम है. यही कारण है कि इसे वाइल्ड लाइफ का गढ़ भी कहा जाता है. बाघ, तेंदुवा, हिरण, मोर, चीतल, सांभर, स्लॉथ बियर, हिमालयन सेरो, इत्यादि कई ऐसे जीव हैं, जिन्हें यहां खूब देखा जाता है.
शिवालिक की श्रेणी और घने जंगल से घिरा
जंगल रिसॉर्ट से क़रीब 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित लाल भित्तियां पहाड़ी इस रेंज की जान कही जाती है. पहाड़ी के चारों तरफ शिवालिक की श्रेणियां और दूर तक फैले घने जंगल यहां की खूबसूरती को कुछ इस कदर बयां करते हैं, मानों जैसे सबकुछ थम सा गया हो. शहर की भीड़ भाड़ से बिल्कुल अलग, आप यहां आकर कुदरत की खूबसूरती, ठंडी हवाएं और कुछ अकल्पनीय स्थलों का दीदार कर उसे कभी न भूलने वाले एहसास में बदल सकते हैं.
अतुलनीय और अविस्मरणीय खूबसूरती
नरकटियागंज प्रखंड से गौनाहा स्थित VTR के मंगुराहा रेंज पहुंची एक पर्यटक दंपत्ति बताते हैं कि ‘उन्हें इस बात का ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि बिहार में ऐसे भी अतुलनीय स्थल हैं. वो यहां पहली बार आए हैं, लेकिन यहां बिताया गया हर एक पल उन्हें पूरी ज़िंदगी याद रहेगा. खास कर लाल भित्तियां के सन सेट प्वाइंट की खूबसूरती उन्हें भूले से भी न भूलेगी. यह रेंज जितना वाइल्ड लाइफ के लिए प्रसिद्ध है, उससे कहीं ज्यादा प्रसिद्ध कुदरत के कुछ बेहद ही अनोखे नज़रों के लिए है’.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.



