Last Updated:
ग्वालियर में एक दरिंदगी की ऐसी दास्तां सामने आई है, जिसे सुनकर खून खौल उठेगा. एक शख्स ने 20 साल की लड़की को प्यार में फंसाया, होटल में ले जाकर मांग में सिंदूर भरा, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म कर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया.
AI Generated Photo
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा से प्यार का नाटक और शादी का भरोसा देकर पहले उसकी मांग में सिंदूर भरा गया, फिर उसे पति-पत्नी का रिश्ता बताकर भरोसे में लिया गया. आरोप है कि बाद में युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ होटल में दुष्कर्म किया गया. इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल किया और आखिरकार उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया. पीड़िता की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करती है. कुछ समय पहले उसकी मुलाकात मुरैना जिले के कैलारस निवासी अभिषेक जादौन से हुई थी. दोनों के बीच धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और फिर दोस्ती प्यार में बदल गई. इसी दौरान आरोपी ने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया. युवती ने उस पर भरोसा करते हुए रिश्ते को स्वीकार कर लिया. आरोप है कि अभिषेक शादी का झांसा देकर युवती को घूमने के बहाने उत्तर प्रदेश के वृंदावन ले गया. वहां दोनों एक होटल में करीब पांच दिन तक रुके. इसी दौरान आरोपी ने युवती की मांग में सिंदूर भरते हुए खुद को उसका पति बताया और जल्द ही सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने का वादा किया.
पीड़िता का आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने उसके खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया. बेहोशी की हालत में उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए. वृंदावन से लौटने के बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. वह फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने लगा. बताया जाता है कि आरोपी ने ग्वालियर के होटल अंबिका समेत कई जगहों पर युवती से शारीरिक शोषण किया. जब युवती और उसके परिवार ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने साफ इनकार कर दिया. इसके बाद 20 अप्रैल को आरोपी ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर वायरल कर दिए. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी अभिषेक जादौन के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है.
About the Author
न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर के तौर कार्यरत. इंटरनेशनल, वेब स्टोरी, ऑफबीट, रिजनल सिनेमा के इंचार्ज. डेढ़ दशक से ज्यादा समय से मीडिया में सक्रिय. नेटवर्क 18 के अलावा टाइम्स ग्रुप, …और पढ़ें



