Last Updated:
Kerala Summer Vacation 2026: पूरे देश में गर्मी ने कहर मचा रखी है. हर कोई पहाड़ों पर ठंडी जगह जाने को बेताब है. अब गर्मी की छुट्टियां भी शुरू हो चुकी है. ऐसे में बच्चों को लेकर कहां घूमा जाए, यही सोचने में लोग कई दिन लगा देते हैं. लेकिन हम आपके इस कंफ्यूजन को दूर कर दे रहे हैं. इस बार आप केरल के 5 हिल स्टेशनों का चयन कर सकते हैं जहां आप अपने बच्चों के साथ घूम सकते हैं.
केरल में कहां घूमें.
Kerala Summer Vacation 2026 : गर्मी छुट्टियां शुरू हो गई है. बच्चे हिल स्टेशनों पर जाने की जिद करने लगे होंगे. अगर आप कई जगहें घूम चुके हैं तो आपके दिमाग में कंफ्यूजन होगा कि जाए तो कहां जाएं. इस बार हम आपको सलाह देते हैं कि आप इस बार केरल जाएं. केरल घूमने का यही परफेक्ट समय है. इस बार 30 जून से पहले ही केरल में मॉनसून आने वाला है. केरल मानसून के मौसम में अपने शबाव पर होता है. केरल को यूं ही नहीं ईश्वर का अपना घर कहा जाता है. यह प्रदेश शांति और सादगी का जीता-जाता प्रमाण है. वैसे तो केरल का हर कोना अनोखा है. चारों तरफ जलराशियां और उनके चारों तरफ हरियाली ऐसी शांति का अहसास कराता है कि वहां से आने का मन ही नहीं करता. तो चलिए हम आपको केरल के 5 हिल स्टेशनों की सैर कराते हैं.
केरल के 5 हिल स्टेशन
मुन्नार की खाड़ी- केरल में मन्नार की खाड़ी किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां की हरी-भरी पहाड़ियां, झरनों और ठंडी हवाएं हर किसी को अपनी ओर खींचता है. मई से जुलाई के बीच यहां घूमने का सबसे अच्छा समय माना जाता है. करीब 1,532 मीटर की ऊंचाई पर बसे इस हिल स्टेशन का मौसम गर्मियों में भी काफी सुहावना रहता है. यहां की चाय बागान पर्यटकों को सबसे ज्यादा आकर्षित करते हैं. अगर आप बच्चों के साथ जा रहे हैं तो एराविकुलम नेशनल पार्क जरूर जाएं. यहां दुर्लभ नीलगिरि तहर देखने को मिल सकता है, जो केवल इसी क्षेत्र में पाया जाने वाला पहाड़ी बकरा है. वहीं पोथामेडु व्यू प्वाइंट से धुंध से ढकी पहाड़ियों और घाटियों का शानदार नजारा देखा जा सकता है.
Photo -Keral Tourism
वायनाड-प्रकृति प्रेमियों के लिए वायनाड किसी स्वर्ग से कम नहीं है. यहां का तापमान आमतौर पर 18 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, इसलिए गर्मियों में भी मौसम आरामदायक महसूस होता है. 700 से 2,100 मीटर की ऊंचाई पर बसे इस इलाके में हर तरफ हरियाली, झरने और मसालों के बागान देखने को मिलते हैं. मई से जुलाई के बीच यहां घूमना सबसे बेहतर माना जाता है. यहां मौजूद वाइल्डलाइफ सेंचुरी बच्चों और परिवार के लिए खास आकर्षण होती हैं. पर्यटक यहां हाथी, तेंदुए, हिरण और कई तरह के पक्षियों को देख सकते हैं. इसके अलावा चेंबरा पीक ट्रैकिंग और एडवेंचर पसंद करने वालों के बीच काफी लोकप्रिय है.
थेक्कडी-बच्चों और परिवार के साथ घूमने के लिए थेक्कड़ी बेहद शानदार जगह मानी जाती है. करीब 900 मीटर की ऊंचाई पर बसे इस हिल स्टेशन का तापमान आमतौर पर 15 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है. यहां बच्चे कई तरह के पक्षी, हाथी और हिरण जैसे वन्यजीवों को करीब से देख सकते हैं. थेक्कडी की सबसे खास बात पेरियार झील में होने वाली बोट सफारी है. झील में नाव की सैर के दौरान हाथियों के झुंड को पानी पीने आते देखना यादगार अनुभव बन जाता है. यहां मसालों के बागानों की सैर भी कराई जाती है जहां बच्चों को अलग-अलग मसालों के बारे में जानने का मौका मिलता है. इसके अलावा हाथी जंक्शन में बच्चे हाथियों के साथ समय बिता सकते हैं. एडवेंचर पसंद करने वाले पर्यटक यहां बांस राफ्टिंग का भी मजा ले सकते हैं.
वागामोन-वागामोन को केरल के सबसे रोमांटिक हिल स्टेशनों में गिना जाता है. लगभग 1,200 मीटर की ऊंचाई पर बसे इस खूबसूरत स्थान पर मई से जुलाई के बीच घूमना सबसे अच्छा माना जाता है. यहां का तापमान 19 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, जिससे मौसम बेहद सुहावना महसूस होता है. चारों तरफ फैले पाइन के जंगल, झरने और धुंध से ढके पहाड़ इस जगह को बेहद खास बनाते हैं. परिवार के साथ ट्रैकिंग और नेचर वॉक का आनंद लेने के लिए यह शानदार डेस्टिनेशन है. यहां मौजूद थांगल पारा से घाटियों का शानदार दृश्य दिखाई देता है. वहीं वागमोन लेक के किनारे बैठकर सुकून भरे पल बिताए जा सकते हैं और बोटिंग का मजा भी लिया जा सकता है.
नेल्लियाम्पथी- नेल्लियाम्पथी उन लोगों के लिए बेहतरीन जगह मानी जाती है जो कम बजट में शानदार समर वेकेशन बिताना चाहते हैं. इसे गरीबों का ऊटी भी कहा जाता है. यहां का तापमान आमतौर पर 18 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है और मई से जुलाई के महीने यहां घूमने के लिए सबसे अच्छे माने जाते हैं. यहां पर्यटक खूबसूरत पहाड़ों के नजारे देखने के साथ-साथ ऑरेंज प्लांटेशन टूर और प्रकृति के बीच लंबी सैर का आनंद ले सकते हैं. सीथरकुंडु व्यू प्वाइंट यहां के सबसे लोकप्रिय आकर्षणों में शामिल है, जहां से घाटियों और पहाड़ियों का बेहद खूबसूरत दृश्य दिखाई देता है. इसके अलावा संतरे और इलायची के बागान इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. परिवार के साथ शांत और सुकून भरा समय बिताने के लिए नेल्लियाम्पथी एक शानदार विकल्प माना जाता है.
दिल्ली से केरल जाने का खर्च
दिल्ली से कोच्चिस कोझिकोड़ और तिरुवनंतपुरम के लिए सीधी फ्लाइटें हैं. दिल्ली से इन जगहों पर जाने के लिए फ्लाइट से 8 से 12 हजार रुपये तक का टिकट लगेगा. यानी औसत आप 10 से 12 हजार मान लीजिए. बेहतर रहेगा कि आप यात्रा से 10 से 15 दिन पहले टिकट ले लें. इसके बाद अगर आप दिल्ली से केरल ट्रेन से जाना चाहते हैं तो केरल एक्सप्रेस में थर्ड एसी का किराया 2700 के करीब है. अब अगर वहां के होटलों की बात करें तो 2000 रुपये तक आपको ठीक ठाक कमरा मिल जाएगा. भोजन पर एक दिन में 500 से 700 रुपये रख लीजिए. इसके अलावा ट्रांसपोर्टेशन और साइट सिइंग में आप 2000 मान लीजिए. इस तरह अगर आप दो रातें वहां आप होटल में रहकर घूमना चाहते हैं तो आपको ट्रेन से जाने में 15 से 17 हजार रुपये खर्च होंगे.
About the Author

18 साल से ज्यादा के लंबे करियर में लक्ष्मी नारायण ने डीडी न्यूज, आउटलुक, नई दुनिया, दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। समसामयिक विषयों के विभिन्न मुद्दों, राजनीति, समाज, …और पढ़ें



