Homeटेक्नोलॉजीपंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: बादशाह का क्लब सील; डॉक्टर की लाश...

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: बादशाह का क्लब सील; डॉक्टर की लाश मिली; महिलाओं को ₹1000 अगले महीने से; टाइगर जोड़ी की दहाड़ – Chandigarh News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर महिलाओं से जुड़ी रही। 90 लाख महिलाओं को अगले महीने से 1000 से 1500 रुपए महीने मिलने शुरू हो जाएंगे। CM भगवंत मान ने इसकी पुष्टि की।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. चुनाव से पहले बदलेंगे कांग्रेस प्रधान-CLP लीडर

पंजाब में कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधायक दल नेता प्रताप सिंह बाजवा को बदल सकती है। कांग्रेस से जुड़े सोर्सेज के मुताबिक इसके लिए फैसले पर मुहर लग चुकी है। प्रधान पद के लिए संगरूर से पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला फ्रंटरनर हाे सकते हैं।

वहीं विधायक दल नेता के तौर पर बाजवा की जगह कोई दूसरा जट्‌टसिख चेहरा आ सकता है। कांग्रेस की ये जोड़तोड़ पार्टी में हिंदू और सिख चेहरों को बराबरी की पावर देने के लिए की जा रही है। अभी प्रधान और विधायक दल नेता, दोनों ही जट्‌टसिख हैं।

इसके अलावा मौजूदा कांग्रेस प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग की अगुआई में विधानसभा उपचुनाव से लेकर निकाय चुनाव तक पार्टी की हार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं हाईकमान की पिछली मीटिंग में प्रताप सिंह बाजवा ने कड़े तेवर दिखाए थे। वह ये कहकर चलती मीटिंग से बाहर आ गए कि हम यहां सिर्फ बैठक करते हैं, कोई फैसला तो लेते नहीं हैं। हालांकि बाद में बाजवा ने इससे इनकार किया था। (पढ़ें पूरी खबर)

2. सरकारी अस्पताल में डॉक्टर की लाश मिली, पास में इंजेक्शन मिले

ezgifcom resize 2026 06 02t1446459011780391842 1780396039

चंडीगढ़ में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टर की लाश मिली है। वह बाथरूम में गए थे, लेकिन जब काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो साथियों ने दरवाजा खटखटाया। इसके बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जब दरवाजे को तोड़ा गया, तो उसमें डॉक्टर बेसुध पड़ा मिला, इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पर उन्हें मृत बता दिया गया है।

पुलिस को मौके से पोटेशियम क्लोराइड के इंजेक्श मिले हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि डॉक्टर ने कथित तौर पर इंजेक्शन लगाया था। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय डॉ. योगेश के रूप में हुई है। वह पीजी जूनियर रेजिडेंट (जेआर) और जनरल मेडिसिन विभाग में कार्यरत थे।

मामले की सूचना थाना-34 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना-34 पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी करवाई और बाथरूम व आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए। (पूरी खबर पढ़ें)

3. अगले महीने से महिलाओं के खाते में 1000 रुपए

screenshot 2026 06 02 1152401780381374 1780393461

पंजाब की 90 लाख महिलाओं को अगले महीने से 1000 से 1500 रुपए महीने मिलने शुरू हो जाएंगे। रुपए सीधे उनके खाते में आएंगे। CM भगवंत मान ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की। CM मान ने कहा- 80% प्रोसेस पूरा हो चुका है। बाकी इसी जून महीने में निपटा लेंगे।

सीएम ने ये भी कहा कि जिन महिलाओं के कार्ड नहीं बने या जुलाई में भी नहीं बन पाएंगे, उनका जब भी रजिस्ट्रेशन होगा तो पेमेंट जुलाई से ही दी जाएगी। हालांकि विरोधियों के पिछले साढ़े 4 साल के बकाये को लेकर CM ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2022 के चुनावों में 18 साल से बड़ी उम्र की हर महिला को हर महीने एक हजार रुपए देने की गारंटी दी थी।

अब 2027 के चुनाव से पहले ये स्कीम शुरू की जा रही है। AAP सरकार ने इसे मावां-धीयां सत्कार योजना का नाम दिया है। इसमें जनरल वर्ग की महिलाओं को 1 हजार महीना और SC वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपए महीने दिए जाएंगे। इस दौरान CM ने AAP छोड़ने वाले सांसद व पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के पैसे लेकर राज्यसभा सीट देने पर CM ने कहा कि अगर मैंने एक रुपया भी लिया तो वह मेरे लिए सल्फास की गोली की तरह होगा। (पढ़ें पूरी खबर)

4. रैपर बादशाह का क्लब सील

comp 113 91780388099 1780393131

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित मशहूर रैपर बादशाह के सागो क्लब को मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे प्रशासन की बिल्डिंग ब्रांच ने सील कर दिया है। क्लब संचालकों को भवन नियमों के उल्लंघन को लेकर कई बार नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें निर्धारित समय के भीतर कमियां दूर करने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके बाद बिल्डिंग ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और सीलिंग की कार्रवाई की।

प्रशासन के मुताबिक, क्लब में भवन संबंधी नियमों और स्वीकृत नक्शे से जुड़े कुछ उल्लंघनों को लेकर लंबे समय से मामला चल रहा था। बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब और अनुपालन नहीं मिलने पर आखिरकार क्लब को सील करने का फैसला लिया गया।

यह वही क्लब है, जो इससे पहले भी एक बड़े विवाद के कारण चर्चा में आ चुका है। क्लब के बाहर हुए धमाकों की जिम्मेदारी सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा की ओर से लिए जाने की बात सामने आई थी। (पढ़ें पूरी खबर)

5. युवक ने VIDEO बनाकर सुसाइड किया

ezgifcom resize 41780378934 1780393214

जालंधर के शाहकोट में 19 साल के युवक ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। उसने मरने से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने शाहकोट के गांव सलैचां के एक युवक जोगा उर्फ ताई जगीरो पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा- जोगा उसे पिछले 6 महीने से मानसिक रूप से परेशान कर रहा था और उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकियां दे रहा था।

वीडियो में युवक ने यह भी कहा कि आरोपी उसे गलत काम करने के लिए उकसाता था और बात न मानने पर प्रताड़ित करता था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। युवक की तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे घरेलू उपचार दिया गया, जब उसकी मां को पता चला कि बेटे ने जहर खा लिया, तो उसने शोर मचाया, जिससे परिवार के अन्य लोग पहुंचे।

इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है, फिलहाल अब मामले की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. बंगाल टाइगर की दहाड़ गूंजेगी, नागपुर से आई जोड़ी

comp 12 1 1780392988

पंजाब के पर्यटकों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। लुधियाना जू में पिछले करीब डेढ़ साल से बंद पड़ी टाइगर सफारी दोबारा शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही पर्यटक एक बार फिर रॉयल बंगाल टाइगर की दहाड़ सुन सकेंगे। महाराष्ट्र के नागपुर स्थित गोरेवाड़ा जूलॉजिकल पार्क से लाए गए बाघों के जोड़े ‘बादल’ और ‘बिजली’ का क्वारंटाइन पीरियड खत्म होने के बाद उन्हें आज खुले बाड़े में छोड़ दिया गया।

दिसंबर 2024 में जू के आखिरी टाइगर अमन की रक्त संक्रमण के कारण मौत के बाद से टाइगर सफारी बंद थी, जिसे अब फिर से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। लुधियाना पहुंचने के बाद बादल और बिजली को डॉक्टरों की निगरानी में क्वारंटाइन में रखा गया था।

इस दौरान उनकी सेहत पर नजर रखी गई और यह भी देखा गया कि वे नागपुर से पंजाब के मौसम, पानी और माहौल को किस तरह अपना रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार दोनों टाइगर पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्होंने यहां के वातावरण में खुद को अच्छी तरह ढाल लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. बारिश का अलर्ट, 50KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी

ezgif 3d14ca21a39b7e99 1780393546

पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को पिछले 3 दिनों से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। आज (2 जून) पंजाब के अधिकांश हिस्सों और चंडीगढ़ में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। लू से भी राहत रहेगी। इस दौरान चंडीगढ़ में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

वहीं पंजाब के 9 जिलों में बारिश की संभावना है। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। लेकिन अभी भी यह सामान्य से 4.2 डिग्री नीचे है। बठिंडा सबसे गर्म रहा है, जहां तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 3 और 4 जून को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 5 और 7 जून को भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। (पढ़ें पूर खबर)

8. CM बोले- मजीठिया की मूंछें कहां गईं, थाने से जबरन आरोपी छुड़ाया

ezgif 24595e2195b4c9281780376437 1780398748

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने सीनियर अकाली नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उसकी मूंछें कहां गईं। उसे अब सामने आना चाहिए। माझे का जरनैल बनकर आगे आए। ये कागजों वाले शेर हैं। इन्होंने लोगों को फंसाया और खुद फरार हो गया। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि अब लोगों को पता चल गया है कि गुंडागर्दी इनके खून में बसी हुई है। वहीं, मजीठिया पर अमृतसर के मजीठा थाने में दर्ज FIR के बाद को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट से पंजाब सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए कल तक का टाइम मांगा है। अब इस मामले पर कल फिर सुनवाई होगी।

हाईकोर्ट ने कल (1 जून) अकाली दल की याचिका पर DGP, अमृतसर रूरल के SSP और मजीठा थाने के SHO को नोटिस जारी किया था। मजीठिया पर आरोप है कि उन्होंने रविवार को जबरन मजीठा पुलिस थाने में घुसकर एक आरोपी जोबनजीत सिंह को जबरन छुड़ा लिया। पुलिस वालों के मोबाइल छीनने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर सोमवार को मजीठिया व उनके करीबियों को अमृतसर व चंडीगढ़ स्थित 6 ठिकानों पर रेड की थी। इसके साथ उनका लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. PG पर फायरिंग, ओवरटेकिंग से गुस्साया युवक

ezgifcom resize 981780375024 1780393865

चंडीगढ़ में एक्टिवा ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में फायरिंग तक पहुंच गया। सड़क पर बाइक और एक्टिवा सवार युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद एक्टिवा सवार युवकों ने बाइक सवारों का पीछा कर उनके रहने का पता लगाया।

आरोप है कि बाद में एक युवक अपने घर से पिस्टल लेकर साथी के साथ दोबारा सेक्टर-20 PG पहुंचा और नीचे खड़ी बाइक में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आवाज सुनकर जब दोनों युवक पीजी से नीचे आए तो फिर विवाद हो गया।

इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई, जबकि दोनों युवक जान बचाकर मौके से भागे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर एक आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पिस्टल भी बरामद कर लिया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. सास और बहू भिड़ीं, बाल पकड़कर घसीटा, लिटा-लिटाकर पीटा

ezgifcom resize 971780397452 1780398918

मोगा में सास और बहू में आपस में भिड़ गईं। इसका वीडियो भी सामने आया है। पोती को मायके ले जाने से रोकने पर गुस्साई बहू ने सास के बाल पकड़कर उन्हें घसीटा और आंगन में ले जाकर पिटाई कर दी। दोनों गुत्थम-गुत्था हो गई और एक-दूसरे को नीचे लिटा लिटाकर पीटा।

सास ने घायल हालत में थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। लोहगढ़ बस्ती की रहने वाली बहू कर्मवीर कौर अपने मायके जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान सास बलविंदर कौर ने कहा कि वह अपनी बेटी (पोती) को घर पर छोड़कर खुद मायके चली जाए।

इस बात पर बहू भड़क गई और गुस्से में सास पर हमला कर दिया। उसने आव देखा न ताव, सीधे अपनी सास पर हमला कर दिया। बहू ने सास के बाल पकड़े और उन्हें घसीटते हुए कमरे से बाहर आंगन की ओर ले आई। घर में मची चीख-पुकार को सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments