आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की दुनिया अब सिर्फ तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कैपिटल मार्केट यानी शेयर बाजार का सबसे बड़ा अखाड़ा बन चुकी है। चैटजीपीटी बनाने वाली ओपनएआई और क्लॉउड चैटबॉट बनाने वाली एंथ्रोपिक अब इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ (आरंभिक सार्वजनिक पेशकश) की रेस में आमने-सामने हैं। आइए 10 आसान सवालों के जरिए समझते हैं कि एआई की यह मेगा रेस निवेशकों, टेक जगत और हमारी दुनिया को कैसे बदलने वाली है।
सवाल: आखिर एआई की दुनिया में शेयर बाजार को लेकर अचानक क्या भूचाल आ गया है?
जवाब: एआई की दुनिया की दिग्गज कंपनी एंथ्रोपिक ने सोमवार को गोपनीय रूप से अपने आईपीओ के लिए आवेदन कर दिया है। इसके साथ ही, ओपनएआई और एलन मस्क की रॉकेट कंपनी स्पेसएक्स भी इसी साल अपना आईपीओ लाने की तैयारी में हैं। इन कंपनियों के पब्लिक होने से वॉल स्ट्रीट पर निवेश की एक बहुत बड़ी सुनामी आने की उम्मीद है।
सवाल: यह एंथ्रोपिक कौन है और इसने मार्केट में इतनी हलचल क्यों मचा दी है?
जवाब: एंथ्रोपिक की शुरुआत 2021 में सैन फ्रांसिस्को में हुई थी। इसके चीफ एग्जीक्यूटिव डारियो अमोदेई और उनकी टीम के कई रिसर्चर पहले ओपनएआई में ही काम करते थे। आज यह कंपनी दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते एआई स्टार्टअप्स में से एक है, जिसने बाजार में तहलका मचा रखा है।