Homeव्यवसायFTX: 'क्रिप्टो घोटाले' के मास्टरमाइंड सैम बैंकमैन-फ्राइड ने मांगी ट्रंप से माफी,...

FTX: ‘क्रिप्टो घोटाले’ के मास्टरमाइंड सैम बैंकमैन-फ्राइड ने मांगी ट्रंप से माफी, क्या सजा से मिलेगी राहत?


इतिहास के सबसे बड़े वित्तीय घोटालों में से एक को अंजाम देने वाले पूर्व क्रिप्टो अरबपति सैम बैंकमैन-फ्राइड ने एक बड़ा दांव चला है। अमेरिका के न्याय विभाग (डीओजे) की वेबसाइट के अनुसार, एफटीएक्स के 34 वर्षीय संस्थापक बैंकमैन-फ्राइड ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आधिकारिक तौर पर माफी की गुहार लगाई है। सैम वर्तमान में अपनी 25 साल की जेल की सजा काट रहे हैं जो उन्हें 2024 में सुनाई गई थी। लेकिन सवाल यह है कि कभी डेमोक्रेटिक पार्टी के बड़े डोनर रहे सैम अब ट्रंप के दरबार में क्यों पहुंचे हैं और इस माफी के क्या मायने हैं?

क्या इस माफी से सैम बैंकमैन-फ्राइड की सजा खत्म हो जाएगी?

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के हवाले से सामने आए न्याय विभाग के दस्तावेजों के अनुसार, सैम ने सजा पूरी होने के बाद माफी के लिए आवेदन किया है। इसका सीधा मतलब है कि यह माफी उनकी दोषसिद्धि को खत्म नहीं करेगी, बल्कि सजा पूरी होने के बाद यह उनके कुछ नागरिक अधिकारों को बहाल कर देगी, जैसे वोट देने या जूरी में शामिल होने का अधिकार। इसके अलावा, अगर यह माफी मिल जाती है, तो उनके लिए भविष्य में रोजगार, लाइसेंसिंग, शिक्षा और आवास से जुड़ी कानूनी रुकावटें भी दूर हो जाएंगी।

कभी डेमोक्रेट्स को फंड देने वाले सैम अब ट्रंप के समर्थक कैसे बन गए?

जब बैंकमैन-फ्राइड एफटीएक्स के सीईओ थे, तब वे डेमोक्रेटिक पार्टी के अभियानों के सबसे बड़े दानदाताओं (डोनर्स) में से एक माने जाते थे। हालांकि, फेडरल जेल जाने के बाद से उनका रुख बदल गया है और उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रंप प्रशासन के समर्थन में पोस्ट किए हैं। सोमवार को फॉक्स बिजनेस के साथ प्रकाशित एक इंटरव्यू में सैम ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह ‘निश्चित रूप से’ राष्ट्रपति से माफी चाहते हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप और व्हाइट हाउस का इस पर क्या रुख है?

न्याय विभाग के मुताबिक, सैम ने अपना यह माफी का आवेदन इसी साल यानी 2026 में कभी किया है, हालांकि इसकी सटीक तारीख सार्वजनिक नहीं की गई है। सीएनएन के सवाल पर व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, प्रवक्ता ने जनवरी में न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए गए डोनाल्ड ट्रंप के एक इंटरव्यू का हवाला दिया, जिसमें ट्रंप ने साफ तौर पर कहा था कि वह बैंकमैन-फ्राइड को माफ नहीं करेंगे।

कैसे ढहा था 32 अरब डॉलर का एफटीएक्स साम्राज्य?

कभी ‘क्रिप्टो वंडर बॉय’ कहे जाने वाले सैम की कंपनी एफटीएक्स की वैल्यू एक समय पर 32 अरब डॉलर पहुंच गई थी। लेकिन 2022 में यह साम्राज्य तब ताश के पत्तों की तरह ढह गया जब निवेशकों द्वारा भारी मात्रा में पैसे निकालने के कारण कंपनी दिवालिया हो गई, जिससे पूरी क्रिप्टो इंडस्ट्री में दहशत फैल गई। अभियोजकों ने साबित किया कि सैम ने ग्राहकों के अरबों डॉलर चुपचाप अपने क्रिप्टो हेज फंड अल्मेडा रिसर्च में ट्रांसफर कर दिए थे। इन पैसों का इस्तेमाल जोखिम भरे निवेश, राजनीतिक चंदे और रियल एस्टेट खरीदने के लिए किया गया था।

क्या कम होगा सैम का जोखिम?

सैम बैंकमैन-फ्राइड को वायर फ्रॉड, सिक्योरिटीज फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश सहित कई गंभीर धोखाधड़ी के आरोपों में दोषी ठहराया गया था। इसके साथ ही जज लुईस कपलान ने उन्हें 11 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति और धोखाधड़ी की कमाई को जब्त करने का आदेश भी दिया था। 2024 में सजा सुनाते हुए जज कपलान ने एक गंभीर चेतावनी दी थी कि इस बात का जोखिम है कि भविष्य में भी यह व्यक्ति कोई बहुत खराब काम’ कर सकता है, और यह कोई छोटा जोखिम नहीं है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या डोनाल्ड ट्रंप अपने पिछले बयानों पर कायम रहते हैं या इस बड़े वित्तीय अपराधी को कोई राहत देते हैं।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments