Last Updated:
अरुणाचल प्रदेश की राजधानी क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है. नाहरलागुन और लेखी इलाके में दो महिलाओं का पीछा कर उनके घरों में जबरन घुसने और अस्मत तार-तार करने की कोशिश में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास कैंची भी थी और उसने एक युवती के कपड़े काटने की कोशिश की. दोनों महिलाओं की बहादुरी के चलते पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया है.
दरिंदे का महिलाओं ने कर दिया इंतजाम. (प्रतीकात्मक इमेज)
Crime News. अरुणाचल प्रदेश की राजधानी क्षेत्र में महिलाओं की बहादुरी के चलते दो बड़ी वारदातें टल गई. इस मामले में पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर दो महिलाओं का पीछा करने, उनके घरों में जबरन घुसने और दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप है. आरोपी की पहचान पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा निवासी जॉन लोडा के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक, पहली घटना 7 जून की तड़के करीब 3 बजे नाहरलागुन इलाके में हुई. एक महिला ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात युवक उसका पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गया. इसके बाद उसने घर में घुसने की कोशिश शुरू कर दी. महिला के अनुसार, युवक के पास दो कैंचियां थीं और वह खिड़की व दरवाजे के जरिए अंदर आने का प्रयास कर रहा था. इस दौरान महिला काफी डर गई और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पहली घटना के करीब आधे घंटे बाद ही दूसरी वारदात सामने आई. यह घटना निर्जुली थाने के तहत आने वाले लेखी इलाके की है. पुलिस का कहना है कि वही युवक एक युवती के किराए के कमरे में घुस गया, जब वह सो रही थी. आरोप है कि उसने युवती का मुंह दबा दिया और उसके साथ दुष्कर्म की नीयत से कैंची से उसके कपड़े काट दिए. अचानक युवती की आंख खुल गई और उसने घबराने की जगह हिम्मत से काम लिया.
उसने आरोपी का डटकर मुकाबला किया. बचाव के दौरान आरोपी ने युवती के चेहरे पर कुछ चोटें भी आई है. युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. ईटानगर नाहरलागुन इलाके के पुलिस अधीक्षक न्येलम नेगा ने बताया कि दोनों महिलाओं की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई. पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे अरेस्ट कर लिया है.
एसपी ने दोनों महिलाओं की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और तुरंत पुलिस को सूचना देने से आरोपी को पकड़ने में मदद मिली. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें



