Last Updated:
Maharashtra News: महाराष्ट्र में ब्लैकमेलिंग और यौन शोषण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. प्राइवेट फुटबॉल कोच पर एक नाबालिग प्लेयर को करियर बनाने का झांस देकर रेप करने का आरोप लगा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
महाराष्ट्र में नाबालिग किशोरी से रेप के आरोप में एक फुटबॉल कोच को अरेस्ट किया गया है. (सांकेतिक तस्वीर)
पालघर (महाराष्ट्र). महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक नाबालिग फुटबॉल खिलाड़ी के साथ कथित यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने निजी फुटबॉल कोच अभिजीत मेंडल (36) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, आपराधिक धमकी तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह वर्ष 2023 में वसई स्थित एक फुटबॉल प्रशिक्षण अकादमी से जुड़ी थी, जहां अभिजीत मेंडल उसे प्रशिक्षण देता था. आरोप है कि कोच ने पहले खिलाड़ी का विश्वास जीता और फिर उसे फुटबॉल में बड़े अवसर दिलाने का लालच देकर अपने प्रभाव में लिया. शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने नाबालिग के साथ कई बार दुष्कर्म किया. पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान कोच ने उसके आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें भी बना लीं. बाद में इन्हीं वीडियो और तस्वीरों के जरिए वह उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा.
वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेल
‘एनडीटीवी’ की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब तीन वर्षों से वह आरोपी के शोषण का शिकार होती रही. जब उसने उससे दूरी बनाने और संपर्क खत्म करने की कोशिश की, तो आरोपी ने कथित तौर पर वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी. इस कारण वह लंबे समय तक मानसिक तनाव और भय में रही. लगातार हो रहे उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिवार को दी. इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस का एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए वसई के माणिकपुर पुलिस थाने ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और पॉक्सो अधिनियम की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को अदालत में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. मामले के सामने आने के बाद स्थानीय खेल समुदाय और अभिभावकों में चिंता का माहौल है.
About the Author

बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें



