Last Updated:
Jim Corbett National Park Safari Zone: मानसून की दस्तक के साथ ही जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के ज्यादातर मशहूर पर्यटन जोन 15 जून से सैलानियों के लिए बंद हो चुके हैं. ऐसे में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए रामनगर का ‘फाटो जोन’ एक बड़ी राहत बनकर सामने आया है. यह कॉर्बेट का इकलौता ऐसा जोन है जो सालभर जंगल सफारी के लिए खुला रहता है. यहां न सिर्फ आपको विशालकाय और चर्चित ‘हरक्यूलिस’ टाइगर के दीदार हो सकते हैं, बल्कि कम बजट में ट्री-हाउस में रहने और रोमांचक जीप सफारी का आनंद लेने का मौका भी मिलता है. आइए जानते हैं फाटो जोन की खासियतें और बुकिंग का तरीका.
कॉर्बेट नेशनल पार्क के अधिकांश पर्यटन जोन 15 जून से मानसून के चलते बंद हो चुके हैं. ऐसे में फाटो जोन पर्यटकों के लिए राहत बनकर सामने आया है. यहां अब भी जंगल सफारी का आनंद लिया जा सकता है. वाइल्डलाइफ प्रेमियों के लिए यह बेहतरीन विकल्प साबित हो रहा है.

फाटो जोन की सबसे बड़ी खासियत यहां अक्सर नजर आने वाला चर्चित ‘हरक्यूलिस’ टाइगर है. जो अपनी विशाल कद-काठी और प्रभावशाली मौजूदगी के कारण यह पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है. कई सैलानी सिर्फ इसकी एक झलक पाने के लिए यहां पहुंचते हैं. इसके अलावा यहां आपको बाघिन का दीदार भी हो सकता है.

रामनगर के तराई पश्चिमी वन प्रभाग में स्थित फाटो जोन तेजी से पर्यटकों की पसंद बनता जा रहा है. हर साल 50 हजार से अधिक सैलानी यहां पहुंचते हैं. ढिकाला के बाद यह सबसे व्यस्त सफारी जोन में शामिल हो चुका है. यहां कई तरह के प्राकृतिक होल्स आपको मिल जाएंगे, जहां अक्सर जानवर पानी पीते दिखते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फाटो जोन में मोहन नगर मालधन स्थित प्रवेश द्वार से जीप सफारी शुरू होती है. यहां सुबह और शाम 50-50 जीप सफारी संचालित होती हैं. प्रत्येक सफारी करीब तीन घंटे की होती है, जिसमें जंगल की खूबसूरती और वन्यजीवों का दीदार किया जा सकता है. यही वजह है कि यह पर्यटकों की पहली पसंद है. यहां सफारी का रोमांचक अनुभव आपकी ट्रिप को यादगार बना देगा.

फाटो जोन में बाघों के अलावा हाथी, तेंदुआ, सांभर, जंगली सूअर और भालू जैसे वन्यजीव भी आसानी से देखे जा सकते हैं. इसके अलावा यहां पक्षियों की कई दुर्लभ प्रजातियां भी मौजूद हैं. वन्यजीव फोटोग्राफी के लिए यह जगह एकदम परफेक्ट है.

फाटो जोन में बने दो ट्री हाउस पर्यटकों को जंगल के बीच रहने का अलग अनुभव देते हैं. पेड़ों के ऊपर बने इन आवासों से प्रकृति को बेहद करीब से महसूस किया जा सकता है. सुबह की ताजी हवा और पक्षियों की चहचहाहट यहां के अनुभव को और खास बना देती है.

फाटो जोन के ‘पिंक वाटर होल’ और ‘ग्रीन वाटर होल’ वन्यजीवों के प्रमुख आकर्षण का केंद्र हैं. यहां अक्सर जानवर पानी पीने आते हैं, जिससे पर्यटकों को उन्हें करीब से देखने का अवसर मिलता है. फोटोग्राफर्स के लिए यह स्थान बेहद खास माना जाता है.

फाटो जोन अन्य सफारी जोनों की तुलना में अपेक्षाकृत किफायती विकल्प है. लगभग 6000 रुपये में जीप बुक करके पर्यटक सफारी का आनंद ले सकते हैं, जबकि परमिट शुल्क 1500 से 2000 रुपये तक होता है. गाइड के लिए अलग से 900 रुपये का भुगतान करना अनिवार्य है. यह सफारी आपको कम पैसे में रोमांचक अनुभव प्रदान करती है.

फाटो जोन की बढ़ती लोकप्रियता के चलते यहां बुकिंग की मांग लगातार बढ़ रही है. वीकेंड और छुट्टियों के दौरान सीट मिलना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी ट्रिप पालन करते समय पहले से एडवांस बुकिंग अवश्य करा लें. जिसके लिए आपको जिम कॉर्बेट की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाना होगा और वहां से आप अपनी बुकिंग करवा सकते हैं. इसके अलावा आप किसी लोकल कॉन्टैक्ट के जरिए भी अपनी एडवांस बुकिंग करवा सकते हैं. बस बुकिंग से पहले एक बार जांच पड़ताल जरूर कर लें, क्योंकि पर्यटन सीजन के साथ ही सफारी और होटल बुकिंग के नाम पर कई बार ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाएं भी देखी गई है, ऐसे में सतर्कता से बुकिंग करें.



