Last Updated:
पुणे में स्वयंभू बाबा राधामोहन मिश्रा का चौंकाने वाला काला साम्राज्य उजागर हुआ है. पुलिस ने बाबा समेत उसके सात सहयोगियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि बाबा ने एक महिला को 15 साल तक अपने प्रभाव में रखकर उसका यौन, मानसिक और शारीरिक शोषण किया. महिला को परिवार से अलग करने, संपत्ति हड़पने, ब्लैकमेल करने और अंधविश्वास के नाम पर प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं. पुलिस ने आश्रम से लाखों रुपये की नकदी, गहने, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं.
15 साल तक महिला को अपने वश में रखकर उत्पीड़न करने वाले बाबा को पुणे पुलिस ने अरेस्ट किया है. (प्रतीकात्मक एआई इमेज)
Crime News: पुणे में एक कथित बाबा के आश्रम से सामने आई हैरान करने वाली कहानी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस ने एक स्वयंभू गुरु और उसके सात सहयोगियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि बाबा ने एक महिला को 15 साल तक अपने जाल में फंसाकर रखा. इन 15 सालों में उसने उसका शारीरिक, मानसिक और यौन शोषण किया. इतना ही नहीं, महिला को उसके परिवार से अलग कर दिया गया. उसकी संपत्ति अपने नाम करवा ली. साथ ही, अमानवीय यातनाएं दी.
पुणे पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मंगलवार रात दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई. बुधवार तड़के करीब 2 बजे क्राइम ब्रांच की टीम ने वाघोली के उबालेनगर स्थित एक बंगले पर छापा मारा. यह बंगला आश्रम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था. मौके से कुल आठ लोगों को अरेस्ट किया गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 59 वर्षीय राधामोहन मिश्रा, उसका सहयोगी कंवल नयन और छह महिलाएं शामिल हैं.
पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि राधामोहन मिश्रा मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और पिछले आठ वर्षों से पुणे में रहकर इस आश्रम का संचालन कर रहा था. शिकायत करने वाली 41 वर्षीय महिला भी हरियाणा की रहने वाली है और पुणे की एक कंपनी में नौकरी करती है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को भगवान का अवतार बताता था. उसने महिला और उसके परिवार का विश्वास जीत लिया था.
महिला के पिता एक डॉक्टर हैं और परिवार धीरे-धीरे बाबा का भक्त बन गया. इसी का फायदा उठाकर आरोपी बाबा ने महिला को अपने वश में कर लिया. आरोप है कि बाबा ने महिला को कई वर्षों तक यौन शोषण का शिकार बनाया. महिला को उसकी आज्ञाकारिता और श्रद्धा की परीक्षा के नाम पर प्रताड़ित किया जाता था. उसे जबरन अपना मूत्र पिलाया गया, बिजली के झटके दिए गए और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया. पुलिस के अनुसार, बाबा ने महिला को अपने पति से तलाक लेने के लिए मजबूर किया और उसकी संपत्ति भी अपने नाम करवा ली.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला पर लगातार नजर रखी जाती थी. उसके कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. जब भी वह परिवार से मदद मांगती थी, बाबा पहले ही उसके परिवार को उसके खिलाफ भड़का देता था. परिवार को विश्वास दिलाया गया था कि महिला गलत रास्ते पर है और उसे सुधारने की जरूरत है. पुलिस के मुताबिक, महिला आश्रम से निकलकर नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी. उसने शादी करने की कोशिश की, लेकिन बाबा ने उसमें भी दखल दिया.
आरोप है कि आरोपी बाबा ने महिला और उसके पति के निजी वीडियो बनवाए. बाद में, उन्हीं के आधार पर उसे ब्लैकमेल किया. आखिरकार महिला ने हिम्मत जुटाई, कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े और आश्रम से भाग निकली. घर पहुंचने के बाद उसने अपने परिवार को पूरी आपबीती बताई. सच्चाई सामने आने के बाद परिवार का अंधविश्वास टूट गया और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत छापा मारकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बंगले से 19 हार्ड डिस्क, 12 लैपटॉप, एक टैबलेट, 11 मोबाइल फोन, कई डीवीडी, सीडी, 23 पेन ड्राइव, करीब 15 लाख रुपये के गहने, 6.5 लाख रुपये नकद और 10 गोलियां बरामद कीं. हालांकि कोई हथियार नहीं मिला. जांच में यह भी पता चला कि आश्रम में एक भूमिगत सुरंग बनाई जा रही थी, जिसे कथित तौर पर भागने के रास्ते के रूप में तैयार किया जा रहा था.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international security affairs…और पढ़ें



