Last Updated:
Delhi News: दिल्ली के गीता कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी से 9 लाख लूटने की कोशिश की. जब व्यापारी ने पैसों से भरा बैग नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी और इसके बाद मौके से फरार हो गए. पुलिस इस मामले में सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश में जुटी है.
गीता कालोनी लूट प्रयास केस में जांच करती दिल्ली पुलिस की टीम
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बेखौफ बदमाशों ने एक व्यापारी से लाखों रुपये लूटने की कोशिश की. मामला गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने 9 लाख रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास किया. लेकिन व्यापारी ने हिम्मत नहीं हारी और बैग नहीं छोड़ा. लूट की कोशिश नाकाम होती देख बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में तीन राउंड फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक, व्यापारी प्रियदर्शिनी विहार से करीब 9 लाख रुपये लेकर चांदनी चौक जा रहे थे. इसी दौरान बाइक पर आए बदमाशों ने उनका पीछा किया और मौका देखकर रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की.
बदमाश लगातार बैग खींचते रहे, लेकिन व्यापारी ने मजबूती से उसे पकड़े रखा. काफी कोशिश के बाद भी जब आरोपी बैग नहीं छीन पाए तो उन्होंने डराने के लिए गोलियां चला दीं. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
अब क्या कर रही है पुलिस
वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए. हालांकि व्यापारी के पैसे सुरक्षित बच गए. घटना की सूचना मिलते ही गीता कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके. शुरुआती जांच में पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है. व्यापारी ने आशंका जताई है कि वारदात के पीछे किसी ऐसे व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिसे उनके बड़ी रकम लेकर चांदनी चौक जाने की जानकारी थी.
फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात की साजिश पहले से रची गई थी या नहीं.
About the Author
अरुण बिंजोला इस वक्त न्यूज 18 में बतौर एसोसिएट एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह करीब 15 सालों से पत्रकारिता में सक्रिए हैं और पिछले 10 सालों से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. करीब एक साल से न्यूज 1…और पढ़ें



