- Hindi News
- National
- Dharmendra Pradhan CJP B Team Of Disruptive Elements Rahul Gandhi Neet Paper Leak
नई दिल्ली12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को दहशतगर्तों की B टीम बताया। NDTV को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा-
जिन्हें डेमोक्रेसी में रिजेक्ट कर दिया गया था, वे भेष बदलकर आए हैं और अब सिस्टम के पीछे पड़े हैं। वे उन लोगों के लिए नारे लगाते हैं जो देश को बांटना चाहते हैं। उनकी पहचान हो गई है।

दरअसल, सोशल मीडिया संगठन CJP पिछले 4 दिन से दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहा है। फाउंडर अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।

20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर शिक्षा मंत्री के विरोध में गो-प्रधान-गो के नारे लगाए थे।
प्रधान के इंटरव्यू की खास बातें…
- शिक्षा माफियाओं को घुटने पर लाएंगे- कुछ लोग जानबूझकर शिक्षा को डिरेल करने की कोशिश कर रहे हैं। फिर चाहे वो कोचिंग सेंटर वाले हों या फिर शिक्षा माफिया हों, इन पर नजर रखी जा रही है। हम इन्हें घुटने पर लाएंगे, नहीं तो हम देश के बच्चों के भविष्य को सुरक्षित नहीं कर सकते हैं।
- स्टूडेंट्स के सुसाइड पर राजनीति- सुसाइड करने वाले बच्चों की फोटो लगाकर राजनीति करना कांग्रेस का निम्न स्तर का काम है। परीक्षा से 2-3 दिन पहले सुसाइड करने वाले बच्चों की लिस्ट निकालते हैं, इससे घिनौना कम कुछ नहीं हो सकता है। राहुल गांधी या कांग्रेस की तरफ से सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए एक भी पॉजिटिव सुझाव नहीं मिला है।

- CBSE पोर्टल पर 38 लाख साइबर हमले- सीबीएसई री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर दो घंटे के अंदर 38 लाख साइबर हमले हुए थे। कुछ लोग अराजकता फैलाना चाहते हैं। देश के पास पर्याप्त क्षमता है। हमें कई अच्छे सुझाव मिले हैं। देश को नया एजुकेशन सिस्टम अपनाना होगा। हम इस बार से काम पर लग गए हैं, अगले साल नीट की परीक्षा सीबीटी मोड में होगी।
- रक्षक शिक्षक ही भक्षक बने- हमारे देश में जो मेधावी विद्यार्थी हैं, उन्होंने अच्छा किया है और सभी के अच्छे नंबर आने वाले हैं। एनटीए ने जिन पर भरोसा किया था, ऐसे कुछ शिक्षकों ने अपना दायित्व नहीं निभाया, रक्षक ही भक्षक बन गए।

- राहुल गांधी की कोटा में रैली पर- विपक्ष को सवाल पूछने का अधिकार है। लेकिन री-एग्जाम से तीन दिन पहले कोटा में जाकर दहशत पैदा करते हैं स्टूडेंट्स के मन में भय पैदा करते हैं। उनकी मंशा थी कि 21 की परीक्षा खराब हो जाए।
- पिछली सरकारों ने जनता का शोषण किया- प्रधानमंत्री ने भारत इनोवेट्स नाम से नया इनिशिएटिव लॉन्च किया है। इसका उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा और देश की जरूरतों के अनुसार शिक्षा को आगे बढ़ाना है। पिछली सरकारों ने इन जरूरतों को नजरअंदाज किया और जनता का केवल शोषण किया। कुछ लोग देश को बदनाम करने की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन अब जनता उन्हें पहचानने लगी है।
- अबू धाबी सेंटर विवाद पर- स्टूडेंट के पिता ने खुद अबू धाबी सेंटर मांगा था। जब यह मामला सामने आया तो नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कुछ ही घंटों में एक्शन लिया और सेंटर बदलकर नागपुर कर दिया। NTA ने जब फैक्ट सामने आकर बताए इसके बाद से राहुल मुंह छिपाकर घूम रहे हैं।
राहुल ने कहा- शिक्षा व्यवस्था आज वसूली तंत्र बना
राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा में स्टूडेंट्स के साथ एक रैली की थी। सुसाइड करने वाले स्टूडेंट्स की फोटो भी मंच पर लगाई गई थी। इस दौरान उन्होंने कहा था- भारत की शिक्षा व्यवस्था वसूली तंत्र बन गई है। देश का एजुकेशन सिस्टम युवाओं के सपने पूरे नहीं करता, सिर्फ उन्हें ऑप्शन देता है। आज लाखों युवा कह रहे हैं – इस व्यवस्था ने हमारे साथ अन्याय किया है।

राजस्थान के कोटा में आयोजित रैली में राहुल ने स्टूडेंट्स को संबोधित किया। कोटा में बड़ी संख्या में नीट और आईआईटी जेईई एंट्रेस एग्जाम की तैयारी करने वाले छात्र कोचिंग करते हैं।
नीट पेपर लीक में अब तक 13 गिरफ्तारी
3 मई 2026 को नीट-यूजी का पेपर हुआ था। कुछ दिन पेपर के लीक होने का मामला सामने आया था। इसके बाद देशभर में विवाद खड़ा हो गया था। कई राज्यों में अभ्यर्थियों और विपक्षी दलों ने परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
सरकार ने 12 मई को मामले की जांच सीबीआई को सौंपी थी। सीबीआई ने इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें डॉक्टर, कोचिंग संस्थानों के शिक्षक, स्कूल प्रधानाचार्य और अन्य आरोपी शामिल हैं।
—————————————
ये खबर भी पढ़ें…
NEET री-एग्जाम; AIIMS से PMCH तक के छात्र सॉल्वर बने, 15-20 लाख में MP-UP समेत 6 राज्यों से मेडिकल स्टूडेंट हायर किए

AIIMS, PMCH और गया मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों से MBBS की पढ़ाई कर रहे छात्र बिहार के लखीसराय में फर्जी परीक्षार्थी के रूप में पकड़े गए। जालसाजों ने 40 लाख रुपए में डॉक्टर बनाने का ठेका लिया था। इसका काम असली परीक्षार्थी की जगह फर्जी परीक्षार्थी बैठाना है। पूरी खबर पढ़ें…




