Last Updated:
Dungarpur News: डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के माल चौकी गांव में शादी के महज दो माह बाद एक विवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई. मृतका के पिता ने दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच शुरू कर दी है और विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है.
डूंगरपुर. जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के माल चौकी गांव में रविवार को एक नवविवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान कल्पना पत्नी अरविंद रोत के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कल्पना की शादी करीब दो माह पहले ही हुई थी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
चौरासी थाना पुलिस के अनुसार, घटना के समय कल्पना घर में अकेली थी. उसका पति अरविंद रोत और ससुर काम के सिलसिले में अहमदाबाद गए हुए थे. घर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पिता ने लगाए दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका के आरोप
मृतका के पिता लक्ष्मण अमरा डामोर निवासी गड़ा मालजी, थाना सदर, ने चौरासी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में अपनी बेटी की हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है. पुलिस ने पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डीएसपी के निर्देशन में जांच जारी
मामले की जांच सीमलवाड़ा डीएसपी मदनलाल विश्नोई के निर्देशन में की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



