शेयर बाजार में ज्यादातर सकारात्मक रुझान के बीच, पिछले हफ्ते टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह की कुल मार्केट वैल्यूएशन में एक लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसमें भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस को सबसे ज्यादा फायदा हुआ। पिछले हफ्ते, बीएसई का बेंचमार्क सेंसेक्स 663.44 अंक या 0.86 प्रतिशत चढ़ा और एनएसई निफ्टी 214.85 अंक या 0.89 प्रतिशत बढ़ा।
बीएसई और एनएसई हुए मजबूत
बीते सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 663.44 अंक यानी 0.86 फीसदी चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 214.85 अंक यानी 0.89 फीसदी मजबूत हुआ। बाजार में तेजी की वजह मजबूत घरेलू आर्थिक संकेतक, बेहतर जीएसटी संग्रह, औद्योगिक गतिविधियों में सुधार और वैश्विक स्तर पर ब्याज दरों में नरमी की उम्मीद को माना जा रहा है। रेलिगेयर ब्रोकिंग के रिसर्च प्रमुख अजीत मिश्रा ने कहा कि भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति और अमेरिका के उम्मीद से कमजोर श्रम बाजार के आंकड़ों के बाद वैश्विक स्तर पर नरम मौद्रिक नीति की उम्मीद बढ़ी है। इससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ और बाजार में खरीदारी देखने को मिली।
यह भी पढ़ें- घटकर 60 डॉलर तक आ सकता है कच्चा तेल: भारतीय कंपनियों को होगा फायदा, होर्मुज से आवाजाही शुरू होने से घटी चिंता
एयरटेल और बजाज फाइनेंस ने सबसे ज्यादा कमाया मुनाफा
सबसे ज्यादा बढ़ोतरी भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में हुई। कंपनी का मार्केट कैप 36,529.21 करोड़ रुपये बढ़कर 11.64 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया। इसके बाद बजाज फाइनेंस का बाजार पूंजीकरण 33,059.83 करोड़ रुपये बढ़कर 6.43 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 16,084.29 करोड़ रुपये, एलआईसी का 8,601.99 करोड़ रुपये, एचडीएफसी बैंक का 7,664.89 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर का 6,461.38 करोड़ रुपये बढ़ा।
इन कंपनियों के मार्केट कैप में आई गिरावट
दूसरी ओर चार बड़ी कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में कमी दर्ज की गई।
- लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 26,572.20 करोड़ रुपये घटा।
- रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 18,945.56 करोड़ रुपये कम हुआ।
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के मार्केट कैप में 4,846.08 करोड़ रुपये की गिरावट आई।
- टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 1,031.15 करोड़ रुपये घटा।
यह भी पढ़ें- Food Inflation: कमजोर मानसून से बिगड़ सकता है आम आदमी का बजट, इस साल 6 फीसदी रहेगी खाद्य महंगाई
सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची
बाजार पूंजीकरण के आधार पर देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज बनी रही। इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।



