Homeअपराधबेवफाई के सदमे में हैवान बना पिता, सोते बच्‍चों को करंट देकर...

बेवफाई के सदमे में हैवान बना पिता, सोते बच्‍चों को करंट देकर तड़पाया, फिर खुद को भी कर लिया खत्‍म


Last Updated:

तमिलनाडु के तूतुकुड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां पत्नी के किसी दूसरे शख्स के साथ भाग जाने से डिप्रेशन में आए ट्रक ड्राइवर मैरी माइकल ने अपने दो मासूम बच्चों को सोते समय बिजली के तारों से बांधकर करंट लगा दिया. दोनों की हत्या करने के बाद उसने खुद भी उसी तार से करंट लगाकर आत्महत्या कर ली.

Zoom

रिश्तों में बेवफाई और टूटते परिवारों का अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है, इसकी एक रूह कंपा देने वाली वारदात तमिलनाडु के तूतुकुड़ी से सामने आई. यहां सावेरियारपुरम इलाके में एक सिरफिरे और डिप्रेशन के शिकार पिता ने ममता के बाद पिता के साये की उम्मीद लगाए बैठे दो मासूम बच्चों को ऐसी तड़पती हुई मौत दी जिसे सुनकर पूरा इलाका सन्न है. जिस पिता का फर्ज बच्चों की हिफाजत करना था, उसी ने रात के अंधेरे में मौत का ऐसा क्रूर खेल खेला जिसने हंसते-खेलते परिवार को एक झटके में श्मशान बना दिया. पत्नी के किसी और के साथ चले जाने की कड़वाहट ने एक इंसान को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपने ही जिगर के टुकड़ों को करंट की कुर्सी पर सुला दिया और खुद भी मौत को गले लगा लिया.

खाना खिलाकर सुलाया, फिर बेटों को बनाया मौत का शिकार
यह दिल दहला देने वाली घटना शुक्रवार रात की है. मृतक की पहचान 40 वर्षीय मैरी माइकल के रूप में हुई है जो पेशे से एक ट्रक ड्राइवर था. उसके साथ ही उसकी 14 वर्षीय बेटी मैरी निरोशा (9वीं क्लास की छात्रा) और 12 वर्षीय बेटा मैरी केनिस्टन (7वीं क्लास का छात्र) भी इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गए. पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि शुक्रवार की शाम माइकल हमेशा की तरह अपने बच्चों के लिए खाना लेकर घर आया था. उसने बड़े प्यार से दोनों बच्चों को खाना खिलाया और फिर उन्हें सोने के लिए कह दिया. जैसे ही मासूम बच्चे गहरी नींद में सो गए, डिप्रेशन में डूबे माइकल ने बिजली के जिंदा नंगे तारों को दोनों बच्चों के शरीर से कसकर बांध दिया और उसका कनेक्शन सीधे बिजली के बोर्ड से कर दिया. करंट लगते ही दोनों मासूमों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई. इसके बाद माइकल ने उसी तार को अपने शरीर पर लपेटकर खुद को भी मौत के घाट उतार लिया.

बंद कमरे के भीतर का खौफनाक मंजर
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान माइकल के 75 वर्षीय बुजुर्ग पिता एंथनी मुथु घर के बाहर सो रहे थे जिन्हें भनक तक नहीं लगी कि अंदर क्या कयामत बीत चुकी है. शनिवार की दोपहर तक जब कमरे का दरवाजा अंदर से नहीं खुला तो बुजुर्ग पिता को अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को इकट्ठा किया और पुदुकोट्टई पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर खुद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए. एक ही बेड पर पिता और उसके दोनों मासूम बच्चों की लाशें पड़ी हुई थीं और उनके शरीरों पर बिजली के तार लिपटे हुए थे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर तूतुकुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है, लेकिन इस दर्दनाक अंत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

About the Author

authorimg

Sandeep GuptaChief Sub Editor

डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments