Last Updated:
Badarpur Murder Case: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर में 17 वर्षीय छात्र यश की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद हुई. आरोप है कि युवती के भाई ने बातचीत के बहाने यश को बुलाया, जहां विवाद के दौरान उसके सीने और पेट पर कई चाकू मारे गए. गंभीर हालत में उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. मृतक के पिता ने दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है.
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. (Representational Picture)
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके में 17 वर्षीय छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात की वजह इस युवक का एक युवती से प्रेम संबंध था. आरोप है कि युवती के भाई ने बातचीत के बहाने उसे बुलाया, जहां पहले कहासुनी हुई और फिर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया गया. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
पुलिस के मुताबिक रविवार रात करीब 8 बजे मोलड़बंद स्थित पांडे मेडिकल स्टोर के पास चाकूबाजी की सूचना मिली. सूचना मिलते ही बदरपुर थाना पुलिस और स्थानीय बीट स्टाफ मौके पर पहुंचे. मृतक की पहचान मोलड़बंद एक्सटेंशन निवासी 17 वर्षीय यश के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र था.
बातचीत के बहाने बुलाया, फिर हुआ हमला
शुरुआती जांच के अनुसार, यश का इलाके की ही एक युवती से प्रेम संबंध था. आरोप है कि युवती के भाई ने उसे बातचीत करने के लिए बुलाया. यश अपने तीन दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों से उसका विवाद हो गया. देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया और आरोपियों ने धारदार हथियार से उसके सीने और पेट पर कई वार कर दिए.
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल यश को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हत्या से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस वारदात के पूरे घटनाक्रम और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
मृतक के पिता जगमोहन सिंह अपने बेटे की हत्या से गहरे सदमे में हैं. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि यश उनका इकलौता बेटा था और 12वीं में पढ़ता था. रविवार शाम वह एक दोस्त के साथ बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए घर से निकला था. कुछ देर बाद उन्हें अस्पताल से फोन आया, जहां पहुंचने पता चला कि यश की मौत हो चुकी है.
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मुझे सिर्फ अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए. जिसने मेरे बेटे के साथ किया, उसे कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.’
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
About the Author
साद बिन उमर को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है, जिनमें से 12 साल उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को दिए है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने आज तक, एनडीटीवी, पीटीआई और नया इंडिया जैसे प्र…और पढ़ें



