HomeअपराधBikaner News I रोहित गोदारा को लेकर आईजी के बयान पर उठा...

Bikaner News I रोहित गोदारा को लेकर आईजी के बयान पर उठा विवाद I local18


Last Updated:

Bikaner News: बीकानेर आईजी ओम प्रकाश द्वारा मोस्ट वांटेड अपराधी रोहित गोदारा को मामूली जेबकतरा बताए जाने के बयान पर विवाद खड़ा हो गया है. जबकि विभिन्न जांच एजेंसियां गोदारा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य मानते हुए रंगदारी, फिरौती और चर्चित हत्याकांडों से जुड़े मामलों में उसकी तलाश कर रही हैं. आईजी के बयान के बाद पुलिस के आधिकारिक रुख को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

Zoom

बीकानेर. जिले के लूणकरणसर में मोस्ट वांटेड अपराधी रोहित गोदारा के पैतृक घर पर आधी रात अज्ञात लोगों द्वारा बुल्डोजर चलाए जाने की घटना के बाद बीकानेर रेंज के आईजी ओम प्रकाश का बयान विवादों में आ गया है. मीडिया से बातचीत के दौरान आईजी ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि गोदारा के घर पर बुल्डोजर किसने चलाया. उन्होंने यह भी कहा कि रोहित गोदारा कोई बड़ा गैंगस्टर नहीं, बल्कि एक मामूली जेबकतरा और भगोड़ा है. आईजी के इस बयान के बाद विभिन्न स्तरों पर चर्चा शुरू हो गई है.

रोहित गोदारा को लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य और कुख्यात गैंगस्टर माना जाता है. विभिन्न राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही है. राजस्थान, पंजाब सहित आधा दर्जन से अधिक राज्यों की कानून-व्यवस्था एजेंसियां उसके खिलाफ दर्ज मामलों की जांच कर रही हैं. उसे पकड़ने के लिए राजस्थान एटीएस भी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से सहयोग मांग चुकी है. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह लंबे समय से विदेश में बैठकर अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा है.

रंगदारी, फिरौती और हत्या के मामलों में नाम

जांच एजेंसियों के अनुसार, राजस्थान में कारोबारियों से रंगदारी और फिरौती मांगने के कई मामलों में रोहित गोदारा और उसके गिरोह का नाम सामने आया है. आरोप है कि फिरौती नहीं देने पर गैंग फायरिंग, जानलेवा हमले और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देता है. कुछ महीने पहले डीडवाना में एक व्यवसायी की जिम के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में भी जांच एजेंसियों ने गोदारा गैंग की भूमिका की जांच की थी. पुलिस रिकॉर्ड और जांच के अनुसार, श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, सीकर और जयपुर सहित राजस्थान के कई जिलों में गोदारा गैंग का प्रभाव बताया जाता है. आरोप है कि विदेश से फोन कॉल के जरिए व्यापारियों को धमकियां देकर रंगदारी मांगी जाती है और इनकार करने पर गैंग के सदस्य हिंसक वारदातों को अंजाम देते हैं.

चर्चित हत्याकांडों में भी जुड़ चुका है नाम

रोहित गोदारा का नाम जयपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या और सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड में भी सामने आ चुका है. जांच एजेंसियों का आरोप है कि इन वारदातों को उसके नेटवर्क से जुड़े शूटरों ने अंजाम दिया. हालांकि, इन मामलों में अंतिम न्यायिक निर्णय संबंधित अदालतों द्वारा किया जाना बाकी है. ऐसे में बीकानेर आईजी द्वारा रोहित गोदारा को “मामूली जेबकतरा” बताए जाने वाले बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. एक ओर जांच एजेंसियां उसे संगठित अपराध से जुड़े मामलों में वांटेड अपराधी मानती हैं, वहीं दूसरी ओर आईजी के बयान को लेकर अब सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर प्रदेश के सबसे चर्चित अपराधियों में शामिल नाम को लेकर इतना अलग आकलन क्यों सामने आया.

About the Author

authorimg

Monali Paul

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments