Last Updated:
Jodhpur news: जोधपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसा है. डीसीपी मनीष चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन में करीब 8 किलो अफीम और 1 करोड़ 6 लाख रुपये नकद बरामद किए जाने की सूचना है. भारी नकदी को गिनने के लिए मशीनों की मदद लेनी पड़ी. मामले में असम राइफल के जवान रतन सिंह को गिरफ्तार किया है, जो पहले एनएसजी कमांडो भी रह चुका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जोधपुर. पुलिस ने नए पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया की जॉइनिंग के बीच बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जानकारी के अनुसार, डीसीपी मनीष चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रातभर ऑपरेशन चलाकर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसा है. इस कार्रवाई में करीब 8 किलो अफीम बरामद होने और 1 करोड़ 6 लाख रुपये नकद जब्त किए जाने की सूचना सामने आई है.
पुलिस कार्रवाई के दौरान बरामद की गई भारी नकदी इतनी अधिक थी कि नोटों की गड्डियां गिनने के लिए मशीनों की मदद लेनी पड़ी. करोड़ों रुपये की बरामदगी के बाद पुलिस महकमे में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, पूरे मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है.
असम राइफल के जवान रतन सिंह गिरफ्तार
इस मामले में असम राइफल के जवान रतन सिंह को गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी रतन सिंह एनएसजी कमांडो भी रह चुका है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कई अहम राज और रहस्य सामने आ सकते हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम और नकदी का संबंध किन लोगों और किन गतिविधियों से है.
वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग में चला अभियान
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और डीजीपी राजीव शर्मा के निर्देशों के तहत प्रदेशभर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में जोधपुर संभाग के प्रभारी एडीजी हवा सिंह घुमरिया लगातार कार्रवाई की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. उनके निर्देशन में जोधपुर संभाग में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई को जोधपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है. पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करी से जुड़े लोगों में डर का माहौल बनने की बात कही जा रही है. अब सभी की नजरें पुलिस की आधिकारिक जानकारी और आगे की जांच पर टिकी हैं, जिससे इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें



