Last Updated:
महाराष्ट्र के डोंबिवली में शादी का सपना दिखाकर अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने 73 वर्षीय महिला का भरोसा जीतकर पहले जेवर चुराए, फिर पुणे में घर दिलाने का झांसा देकर उनका मकान बिकवा दिया. आरोपी अब तक कई महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है.
महाराष्ट्र की 73 वर्षीय महिला को शादी का झांसा देकर बर्बाद करने वाले शख्स को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. (एआई इमेज)
Crime News: 73 साल की उम्र में महाराष्ट्र की एक बुजुर्ग महिला ने अपने से करीब आधे उम्र के शख्स से शादी के अरमान पाल लिए थे. इस शख्स से बुजुर्ग महिला की सोशल मीडिया में दोस्ती हुई. फिर मीठी-मीठी बातें शुरू हो गईं. कुछ ही दिनों में इस शख्स पर भरोसा इतना गहरा हो गया कि उन्होंने सामने वाले को अपना मान लिया. लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह रिश्ता नहीं, बल्कि एक ऐसा जाल था, जिसमें फंसते ही उनकी पूरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी.
पुलिस के मुताबिक, इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने पहले महिला के घर से जेवरात गायब कर दिए. फिर उनके नाम पर एक मोबाइल सिम भी जारी करा लिया. उसने पुणे में आलीशान घर दिलाने का सपना दिखाकर उनका मकान तक बिकवा दिया. वहीं, रुपया हाथ आते ही यह शख्स हमेशा के लिए गायब हो गया. तमाम कोशिशों के बावजूद इस महिला का आरोपी संपर्क नहीं हो सकता. तब जाकर उसे एहसास हुआ कि आरोपी उसे करीब 57 लाख रुपये की चपत लगाकर जा चुका है.
- इसके बाद, महिला ने पूरे वाकया से पुलिस को अवगत कराया. यहीं से उस शातिर की कहानी खुलनी शुरू हुई. जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि आरोपी कई अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के साथ खेल चुका है.
- वह महिलाओं को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता और फिर उन्हें ठगकर फरार हो जाता था. पुलिस का कहना है कि आरोपी वैवाहिक वेबसाइटों और अखबारों में छपे विवाह विज्ञापनों के जरिए महिलाओं से संपर्क करता था.
- वह पहले भरोसा जीतता, फिर शादी और साथ निभाने के वादे करता. इसके बाद, पैसे, जेवर और दूसरी कीमती चीजें हड़प लेता था.
- जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए दूसरी महिलाओं के नाम पर जारी सिम कार्ड इस्तेमाल करता था.
- कुछ मामलों में उसने महिलाओं के नाम पर कर्ज तक ले लिया था. पुलिस के अनुसार, एक पीड़िता ने आरोपी पर यौन शोषण का आरोप भी लगाया है. इन सभी आरोपों की जांच की जा रही है.
करीब एक साल तक फरार रहने के बाद विष्णुनगर पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान अनुज संतोष तिवारी उर्फ अनुज कुमार त्रिवेदी के तौर पर हुई है. अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने महाराष्ट्र के अलावा देश के दूसरे राज्यों में भी कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है. शुरुआती जांच से संकेत मिले हैं कि यह ठगी सिर्फ एक-दो मामलों तक सीमित नहीं हो सकती.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…और पढ़ें



