Last Updated:
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के कल्याण में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है. एक महिला पर अपने प्रेमी की हत्या कर शव को बोरे में भरकर बाथरूम में छिपाने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 24 घंटे तक बाथरूम का नल चालू रखा ताकि शव जल्दी सड़ जाए और फॉरेंसिक सबूत मिट जाएं. क्या है पूरा मामला, जानने के लिए पढ़ें आगे…
महाराष्ट्र के कल्याण में एक प्रेमिका ने अपनी प्रेमी की हत्या करने के बाद बोरे में भरकर बाथरूम में डाल दिया.
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के कल्याण से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. इस वारदात में 37 वर्षीय एक शख्स की हत्या कर उसका शव बोरे में भरकर किराए के फ्लैट के बाथरूम में छिपा दिया गया. पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद आरोपी महिला ने करीब 24 घंटे तक बाथरूम का नल चालू रखा, ताकि शव जल्दी सड़ जाए और खून समेत दूसरे फॉरेंसिक सबूत भी मिट जाएं. लेकिन, एक वॉयस मैसेज ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया.
यह मामला कल्याण के मलंग रोड स्थित नीलकंठ सोसायटी का है. पिछले कुछ दिनों से सोसायटी के लोगों को एक फ्लैट से तेज बदबू आ रही थी. लोगों ने इसकी सूचना मानपाड़ा पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची तो फ्लैट बाहर से बंद मिला. पुलिस दरवाजा तोड़कर फ्लैट में दाखिल हुई. इसके बाद, तलाशी में बाथरूम में रखा एक बोरा मिला. इस बोरे से पुलिस ने एक शख्स का शव बरामद किया, जिसकी पहचान 37 वर्षीय हमीदुल्लाह इस्लाम के तौर पर की गई है.
धारदार हथियार से की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक का शव बुरी तरह से सड़ चुका था. इसके बाद क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने फ्लैट से कई अहम नमूने इकट्ठा किए, जिनकी जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमीदुल्लाह की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई थी. हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर बाथरूम में छिपा दिया गया. जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने जानबूझकर बाथरूम का नल लगातार चालू रखा, जिससे बहता पानी खून के निशान समेत दूसरे सबूतों को मिटा दे और शव जल्दी सड़ जाए.
वॉयस मैसेज ने पुलिस को मिला सुराग
इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब फ्लैट के मालिक को एक वॉयस मैसेज मिला. पुलिस के मुताबिक, यह मैसेज हसीबा नाम की महिला ने भेजा था. उसने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने प्रेमी की हत्या कर दी है. उसका शव बाथरूम में रखा है और पीड़ित का अंतिम संस्कार कर दिया जाए. इतना ही नहीं, उसने यह भी बताया कि बाथरूम का नल खुला छोड़ दिया गया है. यह संदेश मिलते ही फ्लैट मालिक तुरंत पुलिस के पास पहुंचा. इसके बाद पुलिस ने फ्लैट में पहुंचकर शव बरामद किया गया.
वारदात के बाद फरार हुई प्रेमिका
डोंबिवली के एसीपी सुहास हेमाडे के अनुसार, हसीबा और मृतक पिछले करीब ढाई महीने से इस फ्लैट में रह रहे थे, जबकि महिला का पति पिछले करीब दो साल से वहीं रह रहा था. जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद हसीबा कोलकाता भाग गई है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात में उसका पति भी शामिल तो नहीं था. आशंका है कि दोनों एक साथ फरार हुए हैं. उन्होंने बताया मानपाड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम कोलकाता भेजी गई है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…और पढ़ें



