Last Updated:
जयपुर कलेक्ट्रेट में ACB की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसीबी की जयपुर ग्रामीण चौकी ने ADM-जयपुर ईस्ट के निजी सहायक मुकेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी पर सरकारी परीक्षाओं में लॉजिस्टिक सपोर्ट देने वाली कंपनी के बिल पास कराने के बदले 1.50 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है. एसीबी ने आरोपी के कार्यालय से एक लाख रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद कर जब्त की है. मामले में अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
जयपुर. राजधानी स्थित जिला कलेक्ट्रेट में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम-जयपुर ईस्ट के निजी सहायक मुकेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. ACB की जयपुर ग्रामीण चौकी ने यह ट्रैप कार्रवाई की. आरोपी मुकेश कुमार पर सरकारी परीक्षा से जुड़ी लॉजिस्टिक सेवाएं देने वाली एक कंपनी के बिल पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है. ACB अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को जानकारी दी थी कि एडीएम-जयपुर ईस्ट कार्यालय में तैनात निजी सहायक मुकेश कुमार बिलों को स्वीकृत कराने के एवज में 1.50 लाख रुपये की मांग कर रहा है. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और शिकायत का सत्यापन कराया. सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई.
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता की फर्म सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के दौरान लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराती है. कंपनी का काम परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सामग्री जैसे प्रश्न पत्र, ओएमआर शीट और अन्य दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से वाहनों के माध्यम से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाना है. कंपनी के लंबित बिलों को पास कराने के लिए आरोपी निजी सहायक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया.
कार्यालय से भी बरामद हुई रिश्वत की राशि
ACB की टीम ने आरोपी के कार्यालय की तलाशी ली, जहां से एक लाख रुपये की राशि बरामद की गई, इस रकम को जब्त कर लिया गया है. एसीबी अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है. एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में केवल निजी सहायक की भूमिका तक जांच सीमित नहीं है. रिश्वत प्रकरण में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी मुकेश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वहीं, एडीएम-जयपुर ईस्ट पद पर तैनात RAS अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा के कार्यालय में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



