Last Updated:
Husband Kills Wife: तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में घरेलू हिंसा की दो दिलदहला देने वाली वारदातें सामने आई हैं. पहली घटना में एक पति ने सिर्फ बासी चावल परोसने पर गुस्से में अपनी पत्नी की हत्या कर दी. वहीं दूसरी घटना में एक युवक ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बासी चावल परोसने पर एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. (प्रतीकात्मक एआई इमेज)
Husband Kills Wife: तमिलनाडु के शिवगंगा जिले से घरेलू हिंसा की दिलदहला देने वाली दो वारदातें सामने आईं हैं. पहली वारदात में एक शख्स ने सिर्फ इसलिए अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि उसने दोपहर के खाने में बासी चावल परोस दिए थे. वहीं, दूसरी घटना में एक युवक ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपनी पत्नी की जान ले ली. दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, पहली वारदात शिवगंगा जिले के कराईकुडी के करीब स्थित कोट्टैयूर इलाके की है. यहां रहने वाला 35 वर्षीय प्रशांत दिहाड़ी मजदूरी करता था. उसकी पहले भी एक शादी हुई थी. पहली पत्नी से तलाक के बाद उसने 42 वर्षीय उयम्माल से दूसरी शादी की थी. दोनों पुडुवायल इलाके में रहते थे. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था.
बुधवार दोपहर उयम्माल ने प्रशांत को खाने में बासी चावल परोस दिए. इसी बात पर प्रशांत का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. आरोप है कि उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे जोर से धक्का देकर जमीन पर पटक दिया. वारदात में उयम्माल का सिर फर्श से टकरा गया और उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर सक्कोट्टई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कराईकुडी सरकारी अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रशांत को गिरफ्तार कर लिया है.
शराब के लिए कर दी पत्नी की हत्या
इसी जिले में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां तिरुप्पुवनम के पास सोट्टाथट्टी गांव में रहने वाला 29 वर्षीय योगराजा भी दिहाड़ी मजदूर है. पुलिस के अनुसार, वह पहले से एक मामले में जेल में बंद था और मंगलवार को जमानत पर बाहर आया था. जेल से छूटने के अगले ही दिन उसका अपनी 25 वर्षीय पत्नी पांडीचेल्वी से विवाद हो गया. आरोप है कि योगराजा ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे, लेकिन पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया.
गुस्से में योगराजा ने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया. हमला इतना तेज था कि पांडीचेल्वी की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही तिरुप्पुवनम थाना पुलिस पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें



