Last Updated:
Udaipur Tourism: राजस्थान की झीलों की नगरी उदयपुर मानसून के दौरान देशभर के पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरी है. हाल ही में जारी टॉप-28 पर्यटन स्थलों की सूची में उदयपुर ने 7वां स्थान हासिल किया है. बारिश के मौसम में झीलों का बढ़ा जलस्तर, हरियाली से ढकी अरावली की पहाड़ियां और ऐतिहासिक महलों का मनमोहक दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. यही वजह है कि होटल, रिसॉर्ट और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है. यह उपलब्धि उदयपुर को देश के प्रमुख मानसून ट्रैवल डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत पहचान दिला रही है.
उदयपुर: मानसून की फुहारों से निखरी झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर देशभर के पर्यटकों की पसंद बनकर उभरी है. ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल मेक माय ट्रिप द्वारा अगस्त माह में घूमने के लिए जारी देश के टॉप-28 पर्यटन स्थलों की सूची में उदयपुर को 7वां स्थान मिला है. खास बात यह है कि राजस्थान के केवल चार शहर—उदयपुर, जोधपुर, माउंट आबू और जयपुर—इस सूची में शामिल हुए हैं, जिनमें उदयपुर सबसे आगे रहा. मानसून के दौरान उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता अपने चरम पर होती है.
पिचोला, फतेहसागर, बड़ी और उदयसागर जैसी झीलें लबालब होने लगती हैं, जबकि अरावली की पहाड़ियां हरियाली की चादर ओढ़ लेती हैं. हल्की बारिश, ठंडी हवाएं और धुंध से घिरा शहर पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करता है. यही वजह है कि अगस्त में उदयपुर घूमने की मांग लगातार बढ़ रही है. शहर की ऐतिहासिक विरासत भी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है. सिटी पैलेस, जगमंदिर, लेक पिचोला, सहेलियों की बाड़ी, सज्जनगढ़ (मानसून पैलेस), मोती मगरी और गुलाब बाग जैसे पर्यटन स्थल बारिश के मौसम में और भी मनमोहक दिखाई देते हैं. झीलों में नौकायन और अरावली की वादियों का नज़ारा पर्यटकों के अनुभव को यादगार बना देता है.
त्योहारों के कारण लंबा वीकेंड
अगस्त में स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के कारण लंबा वीकेंड भी मिलने की संभावना रहती है. ऐसे में होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे, ट्रैवल एजेंसियों और स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को अच्छी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है. पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का मानना है कि मानसून सीजन शहर की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार देगा. पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार, उदयपुर की पहचान केवल ऐतिहासिक धरोहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि झीलों, पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा संगम इसे देश के सबसे खूबसूरत मानसून डेस्टिनेशन में शामिल करता है. यही कारण है कि हर साल बारिश के मौसम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं.
About the Author
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…
और पढ़ें



