.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के घर के बाहर धमाके से जुड़ी रही। जानकारी के अनुसार, अश्वनी शर्मा के चंडीगढ़ निकलने के करीब 1 घंटे बाद उनके घर के पास धमाका हुआ। इसके बाद पुलिस जांच में जुटी है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. BJP नेता अश्वनी शर्मा के घर के बाहर धमाका
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पठानकोट से विधायक अश्वनी शर्मा के घर के बाहर शनिवार तड़के धमाका हुआ। इससे न्यू बैंक कॉलोनी इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षा एजेंसियों के साथ पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 4 बजे अश्वनी शर्मा अपने निवास से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए थे। इसके करीब एक घंटे बाद, सुबह लगभग साढ़े 5 बजे उनके घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। पंजाब के मौजूदा सुरक्षा हालात और पठानकोट के संवेदनशील जिला होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। हालांकि, जांच में सामने आया है कि धमाके की आवाज किसी विस्फोट की नहीं, बल्कि एक स्थानीय युवक की ओर से छोड़े गए तेज पटाखे की थी। (पढ़ें पूरी खबर)
2. कांग्रेस के कार्यक्रम में चन्नी समर्थकों का हंगामा

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी बढ़ती ही जा रही है। रविवार को पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने बरनाला में भी कांग्रेस के कार्यक्रम में हंगामा किया। कार्यक्रम में उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी जिंदाबाद और चन्नी लाओ पंजाब बचाओ के नारे लगाए।
इस कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी मौजूद थे। चन्नी समर्थकों का हंगामा देख उन्होंने सभी से कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
हालांकि, कार्यक्रम में चरणजीत चन्नी मौजूद नहीं थे, लेकिन फिर भी उनके समर्थक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे थे। समर्थकों का कहना था कि पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए चन्नी को लाना जरूरी है।
इससे पहले चन्नी समर्थकों ने संगरूर और पटियाला में भी कांग्रेस के कार्यक्रमों में चन्नी के समर्थन में नारेबाजी की थी। इनमें से पटियाला में तो चन्नी और वड़िंग समर्थक आपस में भिड़ भी गए थे, जिससे दोनों के बीच कुर्सियां भी चलीं। (पढ़ें पूरी खबर)
3. रिटायर्ड फौजी ने पूर्व सरपंच के पति को गोली मारी

मोहाली में रिटायर्ड फौजी ने पूर्व सरपंच के पति पर फायरिंग कर दी। इसमें उन्हें 3 गोलियां लगीं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई। फायरिंग के बाद आरोपी घर में छिप गया। सूचना के बाद पुलिस उसके घर पहुंची और कॉलर से पकड़कर उसे अपने साथ ले गई।
वारदात उस समय हुई, जब पूर्व सरपंच के पति अपनी दुकान के बाहर बैठे थे। दुकानदार ने बताया कि जब गोली चलने की आवाज आई तो वह दुकान से बाहर निकले। देखा कि उनके पेट में गोलियां लगी थीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। आरोपी शराब के नशे में था। मामला खरड़ के गांव स्यालबा में सामने आया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मनिंदरपाल सिंह वर्तमान में चंडीगढ़ में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहा है। शनिवार रात छुट्टी लेकर वह गांव पहुंचा। गांव के बाजार में रजमीर की जूतों की दुकान है। जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद वह घर चला गया। कुछ देर बाद मनिंदरपाल सिंह अपनी लाइसेंसी 12 बोर राइफल लेकर बाजार में पहुंच गया। (पढ़ें पूरी खबर)
4. केंद्र ने एडवांस में 1970 करोड़ रुपए भेजे

पंजाब में विकास कार्यों के लिए फंड की कमी नहीं आएगी। केंद्र सरकार ने राज्यों को केंद्रीय टैक्स के हिस्से की 1.09 लाख करोड़ रुपए की अतिरिक्त किस्त जारी कर दी है। इससे पंजाब के खाते में 1,970 करोड़ रुपए आए हैं। यह पैसा राज्यों को 10 अगस्त को मिलने वाले हर महीने के फिक्स टैक्स के पैसों के अलावा (एडवांस में) दिया गया है।
केंद्र सरकार हर साल आयकर, जीएसटी, केंद्रीय उत्पाद शुल्क और दूसरे केंद्रीय करों से होने वाली कमाई का एक तय हिस्सा राज्यों को देती है। इसी व्यवस्था के तहत राज्यों को हर महीने राशि जारी की जाती है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, समय से पहले राशि जारी करने का मकसद राज्यों की वित्तीय स्थिति मजबूत करना है।
इससे राज्यों के पास विकास कार्यों और पूंजीगत परियोजनाओं के लिए समय पर पैसा उपलब्ध रहेगा। सरकार का कहना है कि इससे सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम तेजी से आगे बढ़ सकेगा। पंजाब को भी इस अतिरिक्त किश्त में उसके हिस्से की राशि मिली है। पढ़ें पूरी खबर…
5. राखी लेकर लौटने का वादा कर हरिद्वार गया, लाश आई

‘भाई ने वीडियो कॉल पर कहा था कि कांवड़ के साथ तुम्हारे लिए राखी भी लेकर आऊंगा। मुझे क्या पता था कि राखी की जगह उसकी लाश आएगी। उसने वादा किया था। अब मैं किसे राखी बांधूंगी?’ यह कहते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-30 के रहने वाले नीतीश की बहन बेसुध हो जाती है।
नीतीश अपने तीन दोस्तों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेने गया था, जहां गंगनहर में नहाते वक्त एक दोस्त डूबने लगा, तो नीतीश भी उसे बचाने के लिए दोस्तों के साथ कूद गया, जिससे 4 दोस्तों की मौत हो गई थी। नीतीश की मां ने कहा कि बेटा पहली बार कांवड़ लेने गया था।
उन्हें सबसे ज्यादा अफसोस इस बात का है कि उन्होंने उसे जाने की अनुमति दी। नीतीश ने भोलेनाथ की कसम देकर भरोसा दिलाया था कि वह न तो गंगनहर में नहाने उतरेगा और न ही कोई जोखिम उठाएगा। 1 अगस्त को हरिद्वार से नीतीश का शव घर पहुंचा, जहां सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया। (पढ़ें पूरी खबर)
6. शादी के 5 दिन बाद कनाडा भागा NRI दूल्हा

मोहाली की युवती ने जिस NRI से सात फेरे लिए, वही शादी के 5 दिन बाद उसे अकेला छोड़कर कनाडा लौट गया। पति के जाने के बाद उसने कैंसर पीड़ित ससुर की देखभाल और इलाज की पूरी जिम्मेदारी निभाई। इसके बावजूद उसे पति का साथ नहीं मिला। पीड़िता का आरोप है कि ससुर की मौत के बाद पति दोबारा पंजाब आया और कनाडा ले जाने का भरोसा देकर शादी के सभी गहने अपने साथ ले गया।
इसके बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। अब वह रिश्तेदारों के घर रहने को मजबूर है। उसका आरोप है कि सास भी उसका साथ देने के बजाय दूसरी शादी करने की सलाह दे रही है। शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने आरोपी NRI पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी सास भी कनाडा में रहती है। घर में कैंसर पीड़ित ससुर थे, जिनकी देखभाल और इलाज की पूरी जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई। उसने पूरी निष्ठा से उनकी सेवा की। इसी दौरान ससुर का निधन हो गया। ससुर के अंतिम संस्कार के लिए पति दोबारा भारत आया और करीब दो सप्ताह रुका। वापस कनाडा जाते समय उसने कहा कि घर में अकेले रहने के कारण गहने सुरक्षित नहीं रहेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
7. जसदीप सिंह अब निहंग बाणा नहीं पहन सकेंगे, ककार उतारे

पंजाब में अश्लील फोटो वायरल होने से सुर्खियों में आए निहंग जसदीप सिंह अब निहंग बाणा नहीं पहन सकेंगे। निहंग जसदीप ने बुड्ढा दल की धार्मिक सजा बीच में ही छोड़ दी। यही नहीं, अपने ककार तक उतारकर बुड्ढा दल को सौंप दिए।इसके बाद बुड्ढा दल के प्रवक्ता ने ऐलान किया कि जसदीप अब कभी निहंग बाणा या दुमाला धारण नहीं कर सकेंगे।
उन्होंने दूसरी निहंग जत्थेबंदियों से भी अपील की कि जसदीप को अब अमृतपान न कराया जाए। इस पूरे घटनाक्रम का अब वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बुड्ढा दल के प्रवक्ता ने कहा कि जसदीप ने मर्जी से ककार उतारे हैं। जसदीप तब सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने उत्तराखंड में निहंगों का मोर्चा लगाया था। वहां कुछ निहंगों की लोकल लोगों से लड़ाई हो गई थी।
इसके बाद मोहाली में जब जसदीप का सम्मान किया जाने लगा तो उसी दौरान निहंग विक्की थॉमस ने जसदीप की फोटो वायरल कर दी। उस वीडियो में जसदीप दूसरे निहंग के साथ आपत्तिजनक हालत में दिख रहे थे। बुड्ढा दल की तरफ से निहंग विक्की थॉमस को भी घोड़े की लीद उठाने की सजा दी जा चुकी है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर विदेश से…
8. मलेशिया में थप्पड़ खाने के बाद पंजाबी युवती गायब

मलेशिया में पाकिस्तान के युवक के साथ पकड़ी गई मोगा की लड़की गायब हो गई है। पंजाब में रह रही लड़की की नानी ने दोहती को वापस लाने की गुहार लगाई है। नानी का एक वीडियो भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि इसकी मां की मौत हो चुकी है और उन्होंने ही इसे पालकर बड़ा किया है।
उन्होंने कहा कि दोहती की इच्छा विदेश जाने की थी, इसलिए उसे 3 साल पहले ही विदेश भेजा था। उन्हें नहीं पता है कि वह वहां किसके साथ रह रही है। उन्होंने सोचा था कि दोहती विदेश जाकर कमाएगी तो इसके बाद उसकी शादी अच्छे घर में कर देंगे।
अब उन्हें लोगों से पता चला है कि उसके साथ वहां कुछ लड़कों ने पाकिस्तानी के साथ घूमने के चलते पिटाई की है। घटना वाले दिन से दोहती गायब है और उसके साथ कोई भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्हें डर है कि उसके साथ कुछ अनहोनी घटना न हुई हो। (पढ़ें पूरी खबर)
9. कनाडा में वर्क परमिट के लिए रो रहे छात्र, बोले- घर में आटा भी नहीं आ रहा

कनाडा के पोर्टाज कॉलेज में पढ़ रहे पंजाबी छात्रों का आंदोलन में दर्द छलका है। पोस्ट ग्रेजुएशन वर्क परमिट (PGWP) के रिजेक्शन मिलने से स्टूडेंट्स 3 हफ्ते से सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों ने आंकड़े शेयर करते हुए बताया कि हालिया पोल्स के मुताबिक, 485 रिजेक्शन के मुकाबले 50 से भी कम अप्रूवल मिले हैं।
उनका कहना है कि पोर्टाज कॉलेज ने एडमिशन के वक्त वादा किया था कि उन्हें PGWP मिलेगा और उनकी डिग्री वैध होगी। अब जब उनके लाखों रुपए कोर्स पर बर्बाद हो गए तो घर जाने के लिए कह रहे हैं। पंजाब की एक छात्रा ने बताया- हालात ये हैं कि रेंट मांगकर भरना पड़ रहा है। 3 दिन भूखी रही। हफ्तों आटा नहीं आ पा रहा।
मुझे भेजने के लिए ससुरालवालों ने जमीन तक बेच दी। 22 से 25 लाख रुपए बर्बाद हो गए। अब ससुराल वालों को क्या बताऊं, कैसे घर जाऊं? जो लोग सोचते हैं कि कनाडा में मजे हैं, वे देखे लें, ये यहां की कड़वी सच्चाई है। एक अन्य स्टूडेंट ने बताया कि कनाडा में वर्क परमिट के चक्कर में वह दादा की मौत पर घर नहीं जा पाई। अब पैसा बर्बाद हो चुका है। घरवालों को क्या बताएं? यह कहते ही वह रोने लगी। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. पार्टी में बर्थडे गर्ल का कैश चोरी, दोस्तों को बिल भरना पड़ा

जालंधर के एक रेस्टोरेंट में शनिवार रात को हुई बर्थडे पार्टी से एक रोचक मामला सामने आया। पार्टी में मस्त लोगों के रंग में भंग डालने के लिए चोरी से एक चोर घुस आया, जिसने बर्थडे गर्ल के पर्स से ही 20 हजार रुपए उड़ा लिए। पार्टी ओवर होने के बाद जब बिल भरने की बारी आई तो बर्थडे गर्ल ने अपने पर्स में केवल चिल्लर ही पड़े देखे।
उसके बैग से 20 हजार रुपए के नोट गायब थे। उसने रेस्टोरेंट मैनेजर से बात कर सीसीटीवी चेक करने को कहा, लेकिन कमाल की बात यह रही कि टेबल के जिस कोने पर बर्थडे गर्ल का बैग रखा था, वह जगह कैमरे में ब्लाइंड स्पॉट थी। यानी कैमरे में दिखती ही नहीं थी।
बाद में बर्थडे गर्ल के दोस्तों को पार्टी का बिल भरना पड़ा। वहीं, पुलिस को भी चोरी की जानकारी दी गई। पुलिस ने पीड़िता जेसिका के दोस्त राघव शर्मा की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



