कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों के करीब 34 करोड़ खातों में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% की दर से वार्षिक ब्याज का भुगतान जमा करना शुरू कर दिया है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया के अनुसार, सदस्यों के खातों में कुल 1.44 लाख करोड़ रुपये से अधिक की ब्याज राशि जमा की जा रही है।
हाल ही में EPFO ने अपने डाटाबेस को नए डिजिटल प्लेटफॉर्म CITES पर माइग्रेट किया है, जिसके बाद अब पासबुक अपडेट की प्रक्रिया तेजी से जारी है। EPF नियम के तहत ब्याज की गणना हर महीने के रनिंग बैलेंस पर की जाती है, जिसे साल में एक बार खाते में जोड़ा जाता है।
ऐसे करें EPFO पोर्टल से बैलेंस चेक
यदि आप अपने खाते में ब्याज की एंट्री देखना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें।
- EPFO e-Sewa या Passbook Portal पर जाएं।
- 12 अंकों का UAN, पासवर्ड और कैप्चा दर्ज कर लॉगिन करें।
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP से सत्यापन करें।
- Passbook Lite सेक्शन में जाकर नया बैलेंस, कर्मचारी-अंशदान और जमा हुआ ब्याज देख सकते हैं।
UMANG एप से भी देखें पासबुक
स्मार्टफोन यूजर्स UMANG एप के जरिए भी अपना पीएफ बैलेंस आसानी से देख सकते हैं।
- UMANG एप डाउनलोड करें।
- EPFO सेवा चुनें।
- View Passbook पर क्लिक करें।
- UAN दर्ज करें और OTP सत्यापन के बाद पासबुक डाउनलोड कर लें।
मिस्ड कॉल से भी मिलेगी जानकारी
अगर इंटरनेट उपलब्ध नहीं है, तो मिस्ड कॉल के जरिए भी पीएफ बैलेंस की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
- UAN से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल दें।
- दो रिंग के बाद कॉल अपने आप कट जाएगी।
- इसके बाद SMS के माध्यम से खाते का बैलेंस भेज दिया जाएगा।
ध्यान रहे कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आपका UAN आधार, पैन और बैंक खाते से लिंक होना आवश्यक है।



