Last Updated:
दिल्ली के मुनीरका में एक 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय ने कथित तौर पर अपनी 20 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद उसने अपने दोस्त को फोन कर शव ठिकाने लगाने में मदद मांगी. दोस्त ने सूझबूझ दिखाते हुए बहाने से वहां से निकलकर डायल-112 पर पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी अनुराग उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया और घर से उसकी पत्नी कनिका का शव बरामद किया. शव को सफदरजंग अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है.
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मुनीरका इलाके से एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया है. यहां एक 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय पर अपनी 20 वर्षीय पत्नी की हत्या करने का आरोप है. हत्या के बाद आरोपी ने अपने दोस्त को फोन कर शव ठिकाने लगाने में मदद मांगी, लेकिन दोस्त ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस को सूचना दे दी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, 2 अगस्त को थाना किशनगढ़ में PCR के जरिए सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने दोस्त की मदद मांग रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मुनीरका स्थित पाल डेयरी इलाके पहुंची और शिकायतकर्ता की निशानदेही पर आरोपी अनुराग उर्फ अभिषेक (24) को हिरासत में ले लिया.
जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक दिन पहले यानी 1 अगस्त की रात अपने दोस्त को घर के पास बुलाया था. जब वह कमरे में पहुंचा तो उसने देखा कि आरोपी की पत्नी कनिका (20) बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थी. उसके शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे. आरोप है कि अनुराग ने उसी समय दोस्त के सामने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की और शव को ठिकाने लगाने में मदद मांगी.
हालांकि, दोस्त ने समझदारी से काम लिया. उसने बहाने से अपना मोबाइल फोन आरोपी से वापस लिया और वहां से निकलने के बाद तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दे दी.
सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी के साथ उसके घर पहुंची, जहां कनिका का शव बरामद हुआ. उसे तत्काल सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया. क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए. शिकायतकर्ता के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर थाना किशनगढ़ में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुराग उर्फ अभिषेक मुनीरका का रहने वाला है और डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है. उसकी शादी वर्ष 2023 में कनिका से हुई थी. कनिका गृहिणी थीं. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
About the Author

साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.
कहां से …
और पढ़ें



