Last Updated:
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने सोशल मीडिया के जरिए चल रहे अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है. फेसबुक, इंस्टाग्राम और एन्क्रिप्टेड ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर हथियारों की खरीद-बिक्री की जा रही थी. पुलिस ने सरगना शिशपाल सिंह समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 अवैध हथियार, 10 मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. जांच में पता चला कि गिरोह मध्य प्रदेश से हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में सप्लाई करता था.
दिल्ली पुलिस ने हथियारों की तस्करी के मामले में आठ लोगों को अरेस्ट किया है.
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर चल रही मीठी-मीठी बातचीत के पीछे इतना बड़ा खेल छिपा होगा, इसका शायद किसी को अंदाजा भी नहीं था. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल से होने वाली बातचीत में हर शब्द का एक खास मतलब होता था. इसी कोड भाषा के जरिए अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री तय होती थी. जब दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को इस नेटवर्क की भनक लगी तो कई दिनों तक इस बातचीत पर निगरानी रखी गई. आखिरकार पुलिस ने पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
सोशल मीडिया से शुरू हुआ शक: दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को जानकारी मिली थी कि मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में अवैध हथियार दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में पहुंचाए जा रहे हैं. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरोह के सदस्य सीधे फोन पर बात करने के बजाय फेसबुक, इंस्टाग्राम और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे थे. बातचीत सामान्य लगती थी, लेकिन हर शब्द और हर मैसेज का एक अलग मतलब होता था.
फर्जी प्रोफाइल बनाकर देते थे चकमा: जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना शिशपाल सिंह उर्फ यश चौधरी पुलिस से बचने के लिए फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाता था. वह वर्चुअल मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था ताकि उसकी असली पहचान सामने न आए. इसी तरीके से वह सप्लायर, खरीदार और तस्करों से संपर्क बनाए रखता था.
मध्य प्रदेश से आते थे हथियार: पुलिस के मुताबिक यह गिरोह मध्य प्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर उन्हें दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब तक पहुंचाता था. हथियारों की खरीद, ट्रांसपोर्टेशन, हथियार छिपाकर रखने और अलग-अलग राज्यों में सप्लाई करने का पूरा नेटवर्क बेहद ऑर्गनाइज्ड तरीके से चलाया जा रहा था.
भारी मात्रा में हथियार बरामद: स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए सरगना समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से 18 अवैध हथियार बरामद किए गए. इनमें 12 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 5 देसी पिस्टल और 1 रिवॉल्वर शामिल हैं. इसके अलावा 10 अतिरिक्त मैगजीन और 9 एमएम के 5 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
कई आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी नूर मोहम्मद उर्फ तस्लीम के खिलाफ पहले से 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं मोहम्मद शान पर 6 केस दर्ज हैं. गिरोह का सरगना शिशपाल सिंह भी पहली बार पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है. उसे वर्ष 2021 में भी अवैध हथियार तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस के अनुसार, यह सिर्फ एक छोटे गिरोह का मामला नहीं है. शुरुआती जांच से पता चला है कि नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था. हथियारों की सप्लाई लगातार की जा रही थी. सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर आरोपी पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें



