Last Updated:
Bundi Crime News: बूंदी में नकली सोना देकर महाराष्ट्र के व्यापारी से 15 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने कार्रवाई की है. सदर थाना पुलिस ने रामनगर कंजर कॉलोनी निवासी गोलू और मोनू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 लाख रुपए नकद और एक कार बरामद की है. आरोपियों ने सस्ते सोने का लालच देकर व्यापारी को जाल में फंसाया और नकली सोना थमाकर फरार हो गए थे. मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.
बूंदी. जिले में नकली सोने के नाम पर महाराष्ट्र निवासी व्यापारी से 15 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने रामनगर कंजर कॉलोनी निवासी गोलू और मोनू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक कार और 12 लाख रुपए की नकदी बरामद की है. वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है. पुलिस के अनुसार, पूरा मामला सदर थाना क्षेत्र से जुड़ा है. महाराष्ट्र निवासी एक व्यापारी की मुलाकात देवस्थान खाटूश्यामजी के एक व्यापारी के माध्यम से ठगों से हुई थी.
आरोपियों ने पहले व्यापारी को भरोसे में लेने के लिए 11 हजार रुपए में असली सोना उपलब्ध कराया. सोने की गुणवत्ता देखकर व्यापारी को विश्वास हो गया और वह सस्ते दामों पर अधिक सोना खरीदने के लिए तैयार हो गया. इसके बाद आरोपियों ने व्यापारी को कम कीमत में बड़ी मात्रा में सोना देने का लालच दिया. बातचीत के बाद सौदा तय हुआ और महाराष्ट्र निवासी व्यापारी 15 लाख रुपए लेकर बूंदी के रामनगर क्षेत्र में पहुंच गया.
शातिर तरीके से थमाया नकली सोना
रामनगर कंजर कॉलोनी में आरोपियों ने पहले से बनाई गई योजना के तहत व्यापारी को अपने जाल में फंसा लिया. आरोपियों गोलू, मोनू और उनके एक अन्य साथी ने मिलकर व्यापारी को असली सोने के बदले नकली सोना थमा दिया और उससे 15 लाख रुपए की रकम ले ली. ठगी का पता चलने के बाद व्यापारी ने सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. मामला दर्ज होने के बाद सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपियों की तलाश करते हुए रामनगर कंजर कॉलोनी निवासी गोलू और मोनू को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से ठगी की रकम में से 12 लाख रुपए बरामद किए हैं, इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार भी जब्त की गई है. पुलिस अब इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर ठगी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



