मुजफ्फरपुर शहर में बीच सड़क बीएमपी की महिला सिपाही नेहा झा के गले से बदमाशों ने चेन खींच ली। जब सिपाही ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पिस्टल निकालकर उनकी कनपटी पर तान दी। आरोपियों ने जाते-जाते हवा में फायरिंग कर दहशत भी फैलाई।
बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में बेखौफ अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे आम लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों को भी अपना निशाना बनाने से नहीं हिचकिचा रहे हैं। ताजा घटना शुक्रवार देर शाम की है। करीब पौने 8 बजे मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बीएमपी सिक्स दुर्गा मंदिर स्थित एटीएम के पास बदमाश एक महिला सिपाही के गले से चेन खींचकर ले गए। सिपाही ने जब उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पिस्टल सटा दी और फिर हवा में फायरिंग करते हुए भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, बीएमपी-6 में कार्यरत महिला सिपाही नेहा झा बीएमपी के पास से सब्जी खरीद कर स्कूटी से न्यू दुर्गा पूरी मोहल्ला स्थित अपने कमरे पर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस घटना में शामिल बाइक सवार बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरो को खंगाल रही है। वहीं पुलिस पूछताछ में महिला सिपाही ने बताया कि जैसे ही वह अपने आवास के पास पहुंचने वाली थीं, 50 मीटर पहले ही एक बाइक उनके पास आकर रुकी। बाइक पर सवार बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली।
महिला सिपाही ने पकड़ लिया बदमाश का कॉलर
घटना के बाद महिला सिपाही ने दिलेरी दिखाते हुए एक बदमाश का कॉलर पकड़ लिया। इस पर अपराधी ने तुरंत पिस्टल निकाल दी और सिपाही की कनपटी पर तान दी। इसके बाद पीड़िता ने बदमाश का कॉलर छोड़ दिया। फिर आरोपी वहां से भागने लगे। उन्हें महिला सिपाही ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
फायरिंग करते हुए भाग निकले बदमाश
महिला का शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग भी बदमाशों को पकड़ने के लिए उनकी ओर दौड़े। खुद को घिरता देख और लोगों का पीछा करते देख बदमाशों ने दहशत फैलाने की नीयत से हवा में दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के कारण आस पास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसका फायदा उठाकर बदमाश मौके से फरार हो गए।



