HomeअपराधTonk News: 4.40 लाख का लोन लेकर फिर बैंक पहुंचा ठग, शक...

Tonk News: 4.40 लाख का लोन लेकर फिर बैंक पहुंचा ठग, शक होने पर ऐसे खुला नकली सोने का खेल, 7 ठग गिरफ्तार


Last Updated:

Tonk Fake Gold Fraud Gang Busted: टोंक की कोतवाली पुलिस ने नकली सोने के गहने गिरवी रखकर बैंकों से गोल्ड लोन लेने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से नकली सोने की 8 चूड़ियां और वारदात में इस्तेमाल दो कारें बरामद की गई हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी मेरठ से सोने की पॉलिश चढ़ी नकली चूड़ियां खरीदकर उन्हें असली बताकर बैंकों में गिरवी रखते थे. गिरोह टोंक के दो बैंकों को निशाना बना चुका था और तीसरे बैंक से लोन लेने की तैयारी में था. बैंक मैनेजर की सतर्कता से गिरोह का खुलासा हुआ.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

 4.40 लाख का लोन लेकर फिर बैंक पहुंचा ठग, शक होने पर ऐसे खुला नकली सोने का खेलZoom

टोंक पुलिस ने नकली सोने के गहने गिरवी रखकर बैंकों से गोल्ड लोन लेने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया

टोंक. राजस्थान के टोंक शहर में कोतवाली पुलिस ने बैंकों को नकली सोने के गहने गिरवी रखकर लाखों रुपये का गोल्ड लोन लेने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान अजहरूद्दीन, भंवर सिंह, दीपक शर्मा, अंकित शर्मा, सिकंदर कुमावत, शहजाद और भंवरलाल खारोल के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली सोने की 8 चूड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई 2 कारें जब्त की हैं. गिरोह राजस्थान के अलग-अलग जिलों के साथ अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है.

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब गिरोह का सदस्य अंकित शर्मा टोंक के एक निजी बैंक में दूसरी बार गोल्ड लोन लेने पहुंचा. इससे पहले अंकित इसी बैंक में नकली सोने की 4 चूड़ियां गिरवी रखकर 4 लाख 40 हजार रुपये का लोन ले चुका था. दूसरी बार लोन लेने पहुंचने पर बैंक मैनेजर को उसके व्यवहार और गहनों की शुद्धता पर शक हुआ. मैनेजर ने बिना देरी किए इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी. सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी भंवरलाल वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम बैंक पहुंची. पुलिस ने घेराबंदी कर अंकित को पकड़ लिया. पूछताछ और जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने उसके गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया.

मेरठ से खरीदते थे नकली चूड़ियां

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के मेरठ से सोने की पॉलिश चढ़ी हुई नकली चूड़ियां खरीदकर लाते थे. इसके बाद इन चूड़ियों को असली सोने के आभूषण बताकर अलग-अलग बैंकों में गिरवी रखा जाता था. आरोपी बैंक की गोल्ड लोन प्रक्रिया का फायदा उठाकर लाखों रुपये का लोन हासिल कर लेते थे. पुलिस के मुताबिक आरोपी टोंक में दो बैंकों को अपना निशाना बना चुके थे. इसके बाद गिरोह के सदस्य तीसरे बैंक में भी नकली गहने गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने की तैयारी में थे, लेकिन बैंक मैनेजर की सतर्कता के कारण उनकी योजना सफल नहीं हो सकी.

गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस कर रही है पूछताछ 

कोतवाली थानाधिकारी भंवरलाल वैष्णव ने बताया कि पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने राजस्थान के किन-किन जिलों में और देश के दूसरे राज्यों में कितने बैंकों को निशाना बनाया है. आरोपियों के पुराने मामलों और बैंक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है. आरोपियों के पास से नकली सोने की कुल 8 चूड़ियां और ठगी में इस्तेमाल की गई दो कारें जब्त की गई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और सदस्यों के बारे में भी खुलासा हो सकता है.

About the Author

authorimg

दीप रंजन सिंह Content Producer

दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…

और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments