Last Updated:
Chicken Piece Dispute Murder: कर्नाटक के बेलगावी जिले में पार्टी के दौरान चिकन के एक्स्ट्रा पीस खाने पर हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी अरुण कुमार ने अपने ही दोस्त सीताराम के सीने में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने केस को एक्सीडेंटल मौत दिखाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में राज खुल गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
कर्नाटक पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पार्टी चल रही हो, माहौल सेट हो और अचानक खाने की चीज पर ऐसा क्लेश हो जाए जो मर्डर तक पहुंच जाए. सुनने में ये थोड़ा अजीब लगता है ना? कर्नाटक के बेलगावी जिले में ऐसा ही एक शॉकिंग केस सामने आया है, जहां चिकन के एक्स्ट्रा पीस को लेकर हुए झगड़े में एक शख्स ने अपने ही बेस्ट फ्रेंड को चाकू से गोदकर मार डाला. यह पूरा वाकया बेलगावी जिले के मुदलगी तालुका के हुनास्याल पीजी गांव का है. उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के कबीरगंज गांव का रहने वाला सीताराम, मुदलगी की प्रिया स्टील कंपनी में काम करता था. उसके साथ उसी के गांव का दोस्त अरुण कुमार भी काम करता था.
गुस्से में आपा खोया, सीने में घोंपा चाकू
दोनों साथ में पार्टी कर रहे थे, तभी चिकन के पीसेज को लेकर उनके बीच किचकिच शुरू हो गई. बात सिर्फ इतनी सी थी कि एक ने दूसरे से ज्यादा चिकन के पीस खा लिए थे. मामूली बहस देखते ही देखते भयानक रूप ले चुकी थी. चिकन पीस का यह विवाद इतना बढ़ा कि अरुण कुमार अपना आपा खो बैठा. उसने आव देखा न ताव, तुरंत एक चाकू निकाला और सीधे सीताराम के सीने में घोंप दिया. सीताराम वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा.
क्राइम छिपाने की पूरी स्क्रिप्ट
वारदात को अंजाम देने के बाद अरुण घबरा गया और केस को एक्सीडेंटल दिखाने के लिए एक झूठी कहानी रची. वह जख्मी सीताराम को आनन-फानन में गोकाक के सरकारी अस्पताल ले गया. वहां डॉक्टरों और पुलिस को बरगलाने के लिए उसने दावा किया कि सीताराम किसी बिल्डिंग से नीचे गिर गया है.
पुलिस ने खोला राज, आरोपी गिरफ्तार
अरुण की इस मनगढ़ंत कहानी पर डॉक्टरों और पुलिस को तुरंत शक हो गया. अस्पताल पहुंची पुलिस ने बिना देर किए अरुण कुमार को हिरासत में ले लिया और कड़ाई से पूछताछ शुरू की. पुलिस के सख्त तेवरों के आगे आरोपी टूट गया और उसने कबूल कर लिया कि चिकन के पीस पर हुए झगड़े में उसी ने सीताराम को चाकू मारा था. उधर, इलाज के दौरान घाव गहरे होने की वजह से सीताराम ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मर्डर का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
About the Author

पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें



