Last Updated:
दिल्ली पुलिस ने सीमापार से आई एक महिला की तलाश में ऑपरेशन विस्टा 1.0 शुरू किया था. महिला की तलाश में पुरानी दिल्ली के हर होटल हर गेस्ट हाउस की तलाशी शुरू की गई. इस ऑपरेशन में यह महिला तो मिल गई, लेकिन पुलिस के हत्थे कोई और भी चढ़ गया. क्या है पूरा मामला और कौन है वह शख्स. जानने के लिए पढ़ें आगे…
दिल्ली पुलिस के ऑपरेशन विस्टा को बड़ी सफलता मिली है.
दिल्ली के व्यस्त इलाकों में होटल और गेस्ट हाउस की जांच कर रही पुलिस टीम एक-एक कर सभी लोगों के दस्तावेज खंगाल रही थी. यह एक रूटीन चेकिंग नहीं थी, बल्कि दिल्ली पुलिस के ऑपरेशन विस्टा 1.0 का हिस्सा थी. इस ऑपरेशन का मकसद विदेशी नागरिकों के वीजा स्टेटस और भारत में उनके ठहरने की वैधता की जांच करना था. इसी अभियान के दौरान दो बांग्लादेशी नागरिक पुलिस के रडार पर आ गए.
जानकारी के अनुसार, जांच टीम सबसे पहले अराकाशन रोड स्थित नबी करीम के एक होटल पहुंची थी. यहां टीम को 25 वर्षीय जोमिर हुसैन मिला, जो बांग्लादेश का रहने वाला है. उसके यात्रा दस्तावेजों की जांच हुई तो पता चला कि वह 9 जुलाई 2026 को भारत आया था. इसके बाद पुलिस टीम ने पहाड़गंज के चांदी वालान मेन बाजार स्थित एक दूसरे होटल में जांच की. यहां ढाका मूल की 39 वर्षीय मक्सूदा अख्तर मिली.
वह 27 जुलाई 2026 को भारत आई थी. दोनों के पासपोर्ट और वीजा की जांच में पता चला कि दोनों डबल-एंट्री वीजा पर भारत आए थे. वीजा की शर्तों के मुताबिक प्रत्येक यात्रा के दौरान उन्हें अधिकतम 15 दिन तक भारत में रहने की अनुमति थी. लेकिन दस्तावेजों और यात्रा की तारीखों के मिलान से सामने आया कि दोनों निर्धारित समय सीमा से अधिक समय से भारत में रह रहे थे.
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व और एसीपी ऑपरेशंस पदम सिंह राणा की निगरानी में की गई. टीम ने दोनों से पूछताछ करने के बाद उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के सामने पेश किया. एफआरआरओ ने मामले की जांच के बाद दोनों के खिलाफ रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी कर दिया है.
इसके बाद जोमिर हुसैन और मक्सूदा अख्तर को सराय रोहिल्ला स्थित सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया. अब दोनों को निर्वासन की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक वहीं रखा जाएगा.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें



