Last Updated:
Dausa Murder Case: दौसा के किला सागर इलाके में 35 वर्षीय रुबीना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. पीहर पक्ष ने पति आबिद और ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
दौसा. जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, घटना दौसा के किला सागर इलाके की बताई जा रही है, जहां 35 वर्षीय रुबीना की मौत के बाद उसके पीहर पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस के अनुसार, मृतका के गले पर दबाने जैसे निशान पाए गए हैं, मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
मृतका रुबीना के पीहर पक्ष के लोग रामगंज, जयपुर से दौसा जिला अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने आरोप लगाया कि रुबीना के साथ पहले भी उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग मारपीट करते थे. पीहर पक्ष ने मृतका के पति आबिद पर हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के भी वारदात में शामिल होने की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि रुबीना के साथ लंबे समय से कथित तौर पर मारपीट की जा रही थी. ऐसे में उसकी मौत को लेकर परिवार ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं. घटना के बाद जिला अस्पताल में मृतका के परिजनों की भीड़ जुट गई और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
पति आबिद समेत तीन लोग पुलिस हिरासत में
मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने मृतका के पति आबिद सहित तीन लोगों को डिटेन किया है. पुलिस मृतका के पति से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, रुबीना की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है. मामले में हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से मौत हुई है, इसका अंतिम खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.
About the Author

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें



