वैश्विक बाजारों में मची उथल-पुथल और पश्चिम एशिया में गहराते भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारतीय वायदा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार, 2 सितंबर को सोने के वायदा भाव लगातार सातवें कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के कारण कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में आई भारी तेजी ने वैश्विक बाजारों में महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की चिंताओं को हवा दे दी है। इसी का नतीजा है कि सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने में निवेशकों ने वैश्विक स्तर पर बिकवाली तेज कर दी है, जिससे घरेलू स्तर पर सोने के दाम गिरकर ₹1.5 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गए हैं।
एमसीएक्स पर सोने के दामों में कितनी बड़ी गिरावट आई?
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर बुधवार को सोने के अक्तूबर डिलीवरी वाले अनुबंध (वायदा भाव) में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यह अनुबंध अपने पिछले बंद स्तर 1,51,729 रुपये से 1,559 रुपये यानी 1.03 प्रतिशत गिरकर 1,50,170 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
केवल अक्टूबर ही नहीं, बल्कि दिसंबर डिलीवरी वाले अनुबंध में भी भारी गिरावट देखने को मिली। दिसंबर का अनुबंध 1,753 रुपये या 1.14 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 1,51,540 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जबकि इसका पिछला बंद भाव 1,53,293 रुपये था। कमोडिटी विश्लेषकों के मुताबिक, एमसीएक्स पर सोने के भाव गिरकर तीन सप्ताह से अधिक के सबसे निचले स्तर पर आ गए हैं।



