रानीगंज (अररिया) से राजद विधायक अविनाश मंगलम के भाई धनंजय ने आरोप लगाया है कि मेले में हुए विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। सिर पर पिस्टल सटाकर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है।
बिहार के अररिया जिले के रानीगंज से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक अविनाश मंगलम के भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। विधायक के भाई धनंजय कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके साथ यमुना घाट में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मेले के दौरान मारपीट की गई। उन्होंने रानीगंज थाना में आवेदन देकर नवनीत, राजू सिंह एवं अन्य लोगों पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करने और मारपीट का आरोप लगाया है। मेले में मामूली बात पर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। धनंजय ने कहा कि उनके सिर पर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।
गाड़ी हटाने को लेकर विवाद
धनंजय कुमार ने बताया कि 6 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने बड़े भाई राजद विधायक अविनाश मंगलम के साथ यमुना घाट में आयोजित मेले में पहुंचे थे। विधायक मंदिर के पीछे भंडारा में भोजन करने चले गए, जबकि वह अपनी गाड़ी के पास खड़े थे। इसी दौरान नवनीत यादव, राजू सिंह समेत चार-पांच अन्य लोग वहां पहुंचे और गाड़ी हटाने को लेकर उनके साथ गाली-गलौज करने लगे।
पुलिस पर आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक एवं अपमानजनक शब्दों प्रयोग किया। धनंजय ने बताया कि उनके द्वारा खुद को विधायक का भाई बताए जाने के बाद नवनीत यादव आक्रोशित हो गया और पिस्टल निकालकर सिर पर सटा दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और नवनीत यादव को अपने साथ ले गई, मगर कुछ देर बाद उसे घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया।
डीएम और एसपी से शिकायत
इस मामले पर राजद विधायक अविनाश मंगलम का कहना है कि उनके भाई के साथ मारपीट हुई है। मारपीट करने वालों को पुलिस की गाड़ी में बैठा दिया गया, लेकिन उसे कुछ देर बाद ही उतार दिया गया। विधायक ने स्थानीय पुलिस की शिकायत डीएम और एसपी से भी की है।
एफआईआर दर्ज
इस मामले पर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि विधायक मंदिर में गए हुए थे। इसी दौरान उनके भाई के साथ मारपीट का मामला हुआ है। उनके भाई के आवेदन पर रानीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दर्ज एफआईआर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
आरोप बेबुनियाद- नवनीत
दूसरी ओर, नवनीत यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि उनके ड्राइवर और विधायक के भाई के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी थी। मारपीट का आरोप बेबुनियाद है।



