Last Updated:
इंदौर के पलासिया में सरेराह गला रेतने से घायल 26 वर्षीय युवती की हालत में अब सुधार है. अस्पताल में मां के गले पर पट्टी और 18 टांके देख उसकी 5 साल की मासूम बेटी सहम गई और डॉक्टर से मां को ठीक करने की गुहार लगाई. पढ़कर आप भी हो जाएंगे भावुक.
अपनी मां के साथ बच्ची यूं लिपटी रही. (AI की मदद से इनहैंस की गई फोटो)
मध्य प्रदेश के इंदौर के पलासिया इलाके में सड़क पर 26 वर्षीय युवती पर हुए जानलेवा हमले के बाद उसकी हालत में सुधार हो रहा है. लेकिन इस घटना ने उसकी पांच साल की मासूम बेटी को अंदर तक हिलाकर रख दिया है. अस्पताल के बेड पर मां के गले में पट्टी और गंभीर चोट देखकर बच्ची सहम गई. मां बोल नहीं पा रही थी, तो उसने डॉक्टर का हाथ पकड़कर रोते हुए कहा, “मेरी मम्मी को जल्दी ठीक कर दो, वो मुझसे बात नहीं कर रही हैं.” बच्ची की यह बात सुनकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और स्टाफ भी भावुक हो गए.
चिकित्सकों ने उसे संभाला, टॉफी-चॉकलेट दी और खाना खिलाकर शांत कराने की कोशिश की. मां की हालत से घबराई बच्ची पूरी रात अस्पताल में उसी के पास रही. वह घायल मां से लिपटकर सो गई. गुरुवार सुबह जब पीड़िता की मां यानी बच्ची की नानी, छत्तीसगढ़ से इंदौर पहुंचीं, तब बच्ची को सहारा मिला. अस्पताल के वार्ड में इस घटना का दर्द साफ नजर आ रहा था.
गले पर 14 सेंटीमीटर का गहरा घाव, 18 टांके लगे
मयंक हॉस्पिटल के डॉ शक्ति सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी युवती को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे. समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच सकी. डॉक्टर के मुताबिक, युवती के गले पर करीब 14 सेंटीमीटर लंबा और गहरा घाव था. अंदर और बाहर की परतों को मिलाकर कुल 18 टांके लगाए गए. राहत की बात यह रही कि हमले में उसकी श्वास नली और भोजन नली सुरक्षित बच गईं.
ऑपरेशन के बाद हालत में सुधार
देर रात तक चले ऑपरेशन के बाद युवती की हालत में सुधार बताया जा रहा है. गले में गहरी चोट और दर्द के कारण वह शुरुआत में बोल नहीं पा रही थी. डॉक्टरों ने स्वास्थ्य में सुधार के बाद गुरुवार सुबह उसे धीरे-धीरे बोलने की अनुमति दी. उधर, पलासिया पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कर ली गई है और युवती के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इस घटना में सबसे मार्मिक तस्वीर उस मासूम बच्ची की है, जो अपनी घायल मां के पास बैठकर उसके ठीक होने का इंतजार कर रही है.
About the Author

निरंजन दुबे हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का एक जाना-पहचाना नाम हैं. प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव. वर्तमान में News18 हिंदी में Sr. Associate Editor के पद पर कार्यरत हैं और मध्य प्रदेश…
और पढ़ें



