गयाजी जिले के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा से वहीं के एक शिक्षक ने झांसे में लेकर कई बार शारीरिक शोषण किया। इस बीच छात्रा गर्भवती हो गई, तो उसने सुसाइड कर लिया। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बिहार के बक्सर जिले में शिक्षकों द्वारा छात्राओं के अश्लील वीडियो और यौन उत्पीड़न का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि गयाजी से एक और कांड सामने आया है। जिले के बेलागंज में समसपुर उच्च विद्यालय की छात्रा के साथ स्कूल के ही टीचर पर शारीरिक शोषण का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि टीचर ने स्कूली छात्रा को झांसे में लेकर उसके साथ गलत काम किया। जब छात्रा प्रेग्नेंट हुई तो उसने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने आरोपी टीचर अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पीड़ित छात्रा की मां ने शनिवार को बेलागंज थाना पुलिस को लिखित जानकारी दी। छात्रा ने बीते 9 अगस्त को आत्महत्या कर ली थी। छात्रा की मां का आरोप है कि स्कूल के ही सहायक शिक्षक अभिषेक कुमार ने उनकी बेटी को झांसे में लेकर उसके साथ अनैतिक कार्य किए, जिससे वह गर्भवती हो गई। इसी से तंग आकर उनकी बेटी ने अपनी जान दे दी।
आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल परिसर पहुंचकर हंगामा किया था। ग्रामीणों को जब शिक्षक पर लगे आरोप की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में लोग शुक्रवार की सुबह उच्च विद्यालय समसपुर पहुंच गए। शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना पर बेलागंज थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया। फिर आरोपी शिक्षक को पुलिस अपने साथ थाने लेकर चली गई। बाद में लिखित शिकायत मिलने के बाद आरोपी शिक्षक को शनिवार को जेल भेज दिया गया।
बक्सर का अश्लील वीडियो केस
कुछ दिनों पहले ही बक्सर जिले के कृष्णब्रह्म के एक सरकारी स्कूल में नाबालिग छात्रा का यौन शोषण करने और उनका अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया था। इस केस में पुलिस ने स्कूल के ही दो शिक्षक अरविंद कुमार और वीरेंद्र प्रसाद को गिरफ्तार कर जेल भेजा। मामले को दबाने के आरोप में हेडमास्टर को भी गिरफ्तार किया गया था। शिक्षकों के मोबाइल फोन से कुछ अन्य छात्राओं के भी अश्लील वीडियो मिले थे।



