2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
INDIA ब्लॉक की पिछली बैठक 8 जून को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में हुई थी। इसमें 23 दलों के नेता शामिल हुए थे।
दिल्ली में कल विपक्षी दलों के I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक होगी। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR और चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों को लेकर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होगी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह पार्टी का दूसरा नेता पहुंचेगा।
वहीं शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। पार्टी सांसद संजय राउत ने बताया कि पार्टी 2 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन की तैयारी में व्यस्त है। शिवसेना (UBT) दीपके के CJP प्रदर्शन का भी समर्थन करेगी।
I.N.D.I.A. ब्लॉक की पिछले 3 सालों के दौरान यह 8वीं बैठक होगी। वहीं इस साल की दूसरी बैठक होगी। इससे पहले 8 जून को SIR और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता के मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। हालांकि, इसमें AAP और DMK शामिल नहीं हुई थी।

लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में रहेंगे अखिलेश
सपा ने बताया है कि अखिलेश यादव 30 सितंबर को लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। पार्टी के मुताबिक, अखिलेश की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस बारे में बात भी हुई है।
वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि अखिलेश पहले से तय कार्यक्रम के कारण बैठक में नहीं आ पाएंगे। उन्होंने राज्यसभा चुनाव के नामांकन से जुड़ी व्यस्तता का जिक्र किया था।
बैठक में ममता, तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं के पहुंचने की उम्मीद
INDIA ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं। तृणमूल कांग्रेस चीफ ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी के भी आने की उम्मीद है।
इसके अलावा राजद की तरफ से तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी के बैठक में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
27 सितंबर: केजरीवाल से मिले बेबी, कहा- मैंने बैठक का न्योता नहीं दिया

सीपीआई(एम) महासचिव बेबी 27 सितंबर को केजरीवाल से मिलने उनके घर गए थे।
सीपीआई(एम) महासचिव बेबी ने केजरीवाल से मुलाकात के बाद कहा था कि कांग्रेस INDIA ब्लॉक की बैठक को लेकर पार्टियों के बीच समन्वय का काम देख रही है। मैंने अरविंद केजरीवाल को बैठक के लिए न्योता नहीं दिया है।
बेबी के मुताबिक, केजरीवाल ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ एक मजबूत अभियान चलाने की जरूरत है। केजरीवाल ने इस मुद्दे पर अपनी पार्टी के नेताओं से चर्चा करने की बात कही है। बेबी ने कहा कि उन्होंने INDIA ब्लॉक से बाहर की पार्टियों को भी पत्र लिखा है।
संसद में CEC के खिलाफ प्रस्ताव लाने पर चर्चा संभव
बैठक में SIR को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर भी बात हो सकती है।
कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में संसद में उनके खिलाफ प्रस्ताव लाने और विपक्षी दलों की संयुक्त कार्रवाई पर भी चर्चा हो सकती है।
AAP-DMK पिछली बैठक में नहीं आए, लेकिन जॉइंट लेटर पर साइन किए
INDIA ब्लॉक की बैठक करीब साढ़े तीन महीने बाद हो रही है। इससे पहले 8 जून की बैठक में 23 दल शामिल हुए थे। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती समेत कई बड़े नेता पहुंचे थे।
AAP और DMK इस बैठक में शामिल नहीं हुए थे। हालांकि, SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने 28 जून को CJI सूर्यकांत को जॉइंट लेटर भेजा था। इसमें चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। AAP और DMK ने भी इस जॉइंट लेटर पर साइन किए थे।

INDIA ब्लॉक के नेताओं ने CJI को भेजे संयुक्त पत्र में आरोप लगाया कि पिछले कुछ सालों में चुनाव आयोग की स्वतंत्रता कमजोर हुई है।
I.N.D.I.A. ब्लॉक की 7 मीटिंग, पहली नीतीश ने बुलाई थी
1. 23 जून 2023, पटना: नीतीश ने पहली बैठक की अगुआई की, 15 दल शामिल हुए
विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इसकी मेजबानी बिहार के तत्कालीन CM नीतीश कुमार ने की थी। बैठक में 15 विपक्षी दल शामिल हुए थे। इसका मकसद 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एक मंच पर लाना था। इस बैठक के बाद विपक्षी दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने और आगे की रणनीति पर चर्चा जारी रखने का फैसला किया था।

नीतीश कुमार ने पटना में राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी दलों के नेताओं का स्वागत किया था।
2. 17-18 जुलाई 2023, बेंगलुरु: गठबंधन का नाम I.N.D.I.A. तय हुआ, 26 दल जुटे
विपक्षी गठबंधन की दूसरी बैठक 17-18 जुलाई 2023 को बेंगलुरु में हुई थी। इसमें 26 विपक्षी दल शामिल हुए थे। इसी बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम I.N.D.I.A. यानीइंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस तय किया गया था।
3. 31 अगस्त-1 सितंबर 2023, मुंबई: 5 कमेटियां बनीं, चुनावी रणनीति तैयार हुई
I.N.D.I.A. ब्लॉक की तीसरी बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर 2023 को मुंबई में हुई थी। बैठक में गठबंधन के कामकाज के लिए 5 कमेटियां बनाई गई थीं। इनमें कैंपेन, कोऑर्डिनेशन/स्ट्रैटजी, मीडिया, सोशल मीडिया और रिसर्च कमेटी शामिल थीं।
4. 19 दिसंबर 2023, दिल्ली: ममता ने PM फेस के लिए खड़गे का नाम सुझाया
I.N.D.I.A. की चौथी बैठक 19 दिसंबर 2023 को दिल्ली के अशोका होटल में हुई थी। बैठक में पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने PM फेस के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सुझाया था। अरविंद केजरीवाल ने इसका समर्थन किया था।
बैठक में राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, ममता बनर्जी, महबूबा मुफ्ती समेत कई नेता शामिल हुए थे। हालांकि, PM फेस के सवाल पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ था।
5. 13 जनवरी 2024, वर्चुअल: सीट शेयरिंग पर पेंच फंसा, खड़गे चेयरपर्सन बने
I.N.D.I.A. ब्लॉक की पांचवीं बैठक 13 जनवरी 2024 को वर्चुअली हुई थी। इसमें 28 दलों के नेता जुड़े थे। मल्लिकार्जुन खड़गे को गठबंधन का चेयरपर्सन बनाने पर सहमति बनी, लेकिन संयोजक के नाम पर फैसला नहीं हो सका। बैठक में सीट शेयरिंग पर भी चर्चा हुई थी। उस समय JDU भी I.N.D.I.A. ब्लॉक का हिस्सा था और सीट शेयरिंग में देरी पर नाराजगी जता रहा था।

NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा था कि गठबंधन के दल जल्द सीट शेयरिंग पर फैसला करेंगे।
6. 1 जून 2024, दिल्ली: लोकसभा चुनाव के बाद की रणनीति पर चर्चा
I.N.D.I.A. ब्लॉक की छठी बैठक 1 जून 2024 को दिल्ली में हुई थी। इसमें लोकसभा चुनाव के नतीजों और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई थी। बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी समेत कई नेता शामिल हुए थे।
7. 8 जून 2026, दिल्ली: 23 दल जुटे, SIR और चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा
I.N.D.I.A. ब्लॉक की सातवीं बड़ी बैठक 8 जून 2026 को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में हुई थी। इसमें 23 विपक्षी दल शामिल हुए थे। बैठक में SIR, चुनावी प्रक्रिया और आगे की रणनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
——————————–
यह खबर भी पढ़ें…
SIR में स्थानीय अफसरों की शक्तियां बढ़ाने की मांग, महाराष्ट्र CEO का आयोग को लेटर, ECINet में बदलाव की मांग; दो चुनाव आयुक्त भी जता चुके आपत्ति

महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम ने चुनाव आयोग को लेटर लिखा है। इसमें वोटर लिस्ट से जुड़े ECINet सॉफ्टवेयर में 4 बदलाव की मांग की गई है। चोकलिंगम ने कहा है कि स्थानीय अधिकारियों को कानून के मुताबिक फैसला लेने का अधिकार मिलना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…




