कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां बैलाहोंगल तालुक के अमातुर गांव में 31 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके पति ने हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, महिला ने पति से तलाक मांगा था, जिसके बाद झगड़े के दौरान पति ने उसकी जान ले ली.
मृतका की पहचान लक्ष्मी मदमागेरी के रूप में हुई है. वह बैलाहोंगल शहर के गोल्लारा ओनी की रहने वाली थी. घटना के बाद आरोपी पति राजू मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
पुलिस के अनुसार, राजू और लक्ष्मी ने करीब पांच साल पहले लव मैरिज की थी. शुरुआत में दोनों साथ रहे, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते में तनाव चल रहा था. बताया जा रहा है कि बार-बार के झगड़े से तंग आकर लक्ष्मी ने राजू से तलाक की मांग की थी.
इसी बीच राजू लक्ष्मी को उसके कार्यस्थल से घर छोड़ने के बहाने अपने साथ ले गया. अमातुर के पास पहुंचने के बाद दोनों के बीच एक बार फिर झगड़ा हुआ और इसी दौरान राजू ने कथित तौर पर पत्थर से लक्ष्मी पर हमला कर दिया. आरोप है कि उसने लक्ष्मी की पिटाई भी की, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद बैलाहोंगल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आरोपी राजू की तलाश कर रही है. मामले में हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पति-पत्नी के बीच पहले से किस तरह का विवाद चल रहा था और घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी.
कर्नाटक में पति-पत्नी के विवाद और रिश्ते खत्म करने की कोशिश से जुड़े हिंसक मामलों की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. दिसंबर 2025 में 39 वर्षीय असिस्टेंट बैंक मैनेजर भुवनेश्वरी की पश्चिमी बेंगलुरु की एक सड़क पर अलग रह रहे पति बालमुरुगन ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. यह घटना उन्हें तलाक का नोटिस भेजने के एक हफ्ते बाद हुई थी. आरोपी ने मगदी रोड पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया था.
39 वर्षीय भुवनेश्वरी, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बसवेश्वरनगर शाखा में असिस्टेंट मैनेजर थी और अपने दो बच्चों के साथ राजाजीनगर में रहती थी. शाम करीब 6.30 बजे राजाजीनगर इंडस्ट्रियल एरिया की फर्स्ट मेन रोड पर उनके पति ने उन्हें बहुत करीब से गोली मारी थी.
वहीं जनवरी 2026 में येल्लापुर में रंजीता नाम की एक तलाकशुदा महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, क्योंकि उसने रफीक नाम के एक व्यक्ति के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. बाद में आरोपी ने आत्महत्या कर ली थी, और इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध-प्रदर्शन हुए थे. इससे पहले अगस्त 2022 में हासन जिले के होलेनारसीपुर कोर्ट परिसर में तलाक के लिए बातचीत के सेशन के ठीक बाद, 24 साल की महिला चैत्रा की उसके अलग रह रहे पति शिवकुमार ने हत्या कर दी थी.



