Last Updated:
लग्जरी लाइफ के शौक को पूरा करने के चक्कर में 29 साल का एक युवक कुछ ऐसा कर बैठा, जिसने उसकी जिंदगी को हमेशा के लिए परेशानियों में डाल दिया है. दिल्ली पुलिस ने इस युवक को मुंबई से अरेस्ट किया है. उत्तराखंड मूल के इस युवक की आलीशाल जिंदगी, कैसे बनी जिंदगी की मुसीबत जानने के लिए पढ़े पूरी खबर.
दिल्ली पुलिस ने लाखों की नगदी और लग्जरी आइटम के साथ इस युवक को मुंबई से अरेस्ट किया है. (Image: AI)
क्राइम न्यूज. दिल्ली में चोरी की एक वारदात में गिरफ्तार आरोपी के महंगे शौक देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. आरोप है कि जल्दी पैसा कमाने और लग्जरी लाइफ जीने की चाहत में 29 साल का मनोज सिंह चोरी करने लगा. पुलिस ने उसे मुंबई से गिरफ्तार किया है. आरोपी उत्तराखंड का रहने वाला है. उसके पास से कैश के अलावा महंगे ब्रांड की घड़ी, आईफोन और परफ्यूम समेत कई प्रीमियम सामान बरामद किए गए हैं.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को रणजीत नगर के शादिपुर इलाके में एक घर में चोरी की शिकायत मिली थी. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घर से सोने-चांदी के गहने, करीब 3 लाख रुपये कैश और कई कीमती सामान गायब हैं. शिकायत मिलने के बाद रणजीत नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच की गई.
तकनीकी जांच के बाद मुंबई से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को मनोज सिंह के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने 20 अक्टूबर को उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से 1 लाख 90 हजार रुपये कैश, एक आईफोन 18 प्रो, राडो की घड़ी, दो महंगे परफ्यूम और दूसरे प्रीमियम सामान बरामद किए हैं. पुलिस अब बरामद सामान और कैश के चोरी की वारदात से जुड़े होने की जांच कर रही है.
महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी की महंगी लाइफस्टाइल और जल्दी पैसा कमाने की चाहत सामने आई है. आरोप है कि लग्जरी सामान खरीदने और महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने चोरी का रास्ता चुना. पुलिस का दावा है कि मनोज सिंह का इसी तरह के 20 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल होने का रिकॉर्ड है. जांच टीम अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने पहले किन-किन जगहों पर चोरी की और बरामद सामान का दूसरी वारदातों से कोई संबंध है या नहीं.