Last Updated:
कैंसर की बीमारी पर भारी पड़ रही आर्थिक तंगी ने तीन भाई बहनों को अपनी जीवनलीला समाप्त करने पर मजबूर कर दिया. मामला महाराष्ट्र के विरार का है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने जांच के दौरान एक मृतक के मोबाइल से एक वीडियो भी बरामद किया है.
विरार में तीन भाई-बहनों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. (AI Image)
Maharastra News. महाराष्ट्र के विरार में एक बंद फ्लैट के अंदर तीन बुजुर्ग भाई-बहनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों में दो भाई और उनकी एक बहन शामिल हैं. पुलिस को शक है कि तीनों की मौत जहर खाने से हुई है. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगी.
यह मामला पश्चिमी विरार के ग्लोबल सिटी इलाके का है. पुलिस के मुताबिक, फ्लैट काफी समय से बंद था. इसी बीच पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध आने लगी. इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद बोलिंज पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची. फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां तीनों भाई-बहनों के शव मिले.
बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला जहर खाकर आत्महत्या का लग रहा है. तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह पता चल सकेगी. फिलहाल, मृतकों के करीबियों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम और परिस्थितियों को समझने की कोशिश की जा रही है.
मौत से पहले मोबाइल में रिकार्ड किया वीडियो
इस मामले में एक मोबाइल वीडियो भी सामने आया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में से एक ने अपनी मौत से पहले मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. बताया जा रहा है कि इस वीडियो में आत्महत्या का जिक्र है. पुलिस वीडियो की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले क्या हुआ था और तीनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
कैंसर और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में पता चला है कि तीनों भाई-बहनों में से एक कैंसर से पीड़ित था. परिवार आर्थिक तंगी का भी सामना कर रहा था. ऐसे में बीमारी और पैसों की परेशानी को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, पुलिस ने अभी यह साफ नहीं किया है कि इन परेशानियों का मौतों से सीधा संबंध था या नहीं. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.