बेंगलुरु के इंदिरानगर में एक व्यक्ति ने जूते और बैग रिपेयर की दुकान में काम करने वाली 23 साल की महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लूटने की कोशिश की। आरोपी ने महिला का करीब 4.5 लाख रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और उसके दोनों हाथ फेवीक्विक से चिपका दिए। घटना 31 अक्टूबर को 100 फीट रोड स्थित दुकान में दिनदहाड़े हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान प्रभुराज (40) के रूप में हुई है। महिला सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई है। पुलिस ने लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी ने काउंटर पार कर महिला को पकड़ा पुलिस के मुताबिक, महिला दुकान में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है और रोजाना के लेन-देन की जिम्मेदारी भी संभालती है। घटना के दिन वह दुकान में अकेली थी। वह सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंची थी। करीब 11:45 बजे हेलमेट और दस्ताने पहने एक व्यक्ति अंदर आया। आरोपी अचानक रिसेप्शन काउंटर पार करके उसके पास पहुंचा और कहा कि कोई उसे मारने आ रहा है। उसने महिला को शोर न मचाने की धमकी दी। जब महिला ने दुकान मालिक को फोन करने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे जबरन बैठा दिया, मुंह बंद किया और चाकू से उसकी गर्दन और हाथों पर हमला किया। हाथ फेवीक्विक से चिपकाए, मुंह में कपड़ा ठूंसा महिला की शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उसके दोनों हाथों पर फेवीक्विक लगाकर उन्हें चिपका दिया। इसके बाद मेज पर रखा कपड़ा उसके मुंह में ठूंस दिया। आरोपी ने करीब 35 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र छीनकर अपनी जेब में रख लिया। इसकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपए बताई गई है। भागने की कोशिश के दौरान महिला ने किसी तरह अपने हाथ छुड़ाए और शोर मचा दिया। इसके बाद आसपास के लोग दुकान के बाहर इकट्ठा हो गए। आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर उसे फिर दुकान के अंदर खींच लिया और उसकी गर्दन पर चाकू रखकर लोगों को बीच में न आने की धमकी दी। दुकान मालिक पर भी किया हमला एफआईआर के मुताबिक, दुकान मालिक और आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने उन पर चाकू लहराया और दुकान मालिक पर हमला किया। इसके बाद वह सोने का मंगलसूत्र लेकर भागने लगा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को जल्द ही ढूंढकर पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस उसकी पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मानसिक रूप से परेशान और अवसाद में दिखाई दे रहा है। इंदिरानगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा लूट या लूट की कोशिश के दौरान जानबूझकर चोट पहुंचाने से संबंधित है।
Source link
हाथ फेवीक्विक से चिपकाए, ₹4.5 लाख का मंगलसूत्र लूटा: बेंगलुरु में महिला को दिनदहाड़े बंधक बनाने की कोशिश, गले पर चाकू रखा; आरोपी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES