Homeट्रैवलDelhi Flower Festival: 15,500 से ज्यादा फूलों के बीच CM रेखा गुप्ता...

Delhi Flower Festival: 15,500 से ज्यादा फूलों के बीच CM रेखा गुप्ता ने किया ‘फ्लावर फेस्टिवल’ का आगाज


Delhi

oi-Pallavi Kumari

Delhi Flower Festival 2026: दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क इन दिनों रंगों और खुशबू से सराबोर है। राजधानी की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘फ्लावर फेस्टिवल 2026’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्र, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल और कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की राजधानी होने के नाते दिल्ली को स्वच्छ, हरित और आकर्षक बनाना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पहले लोग ट्यूलिप देखने कश्मीर जाया करते थे, लेकिन अब एनडीएमसी की मेहनत से वही खूबसूरती दिल्ली में देखने को मिल रही है। उन्होंने इसे ‘सेल्फी फेस्टिवल’ बताते हुए कहा कि यह आयोजन नागरिकों के लिए बड़ा आकर्षण बन चुका है।

Delhi Flower Festival 2026

फाल्गुन में रंगों और खुशबू की बहार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि फाल्गुन के महीने में आयोजित यह उत्सव राजधानी को रंगों और सुगंध से भर रहा है। उन्होंने एनडीएमसी के बागवानी विभाग के माली और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ने सेंट्रल पार्क को फूलों की दुनिया में बदल दिया है। उन्होंने अन्य विभागों से भी ऐसे प्रयासों से प्रेरणा लेने की अपील की, ताकि दिल्ली की सुंदरता और बढ़ सके।

18 थीम सेक्शन में 48 किस्मों के 15,500 से अधिक पौधे

फेस्टिवल में 18 अलग-अलग थीम आधारित सेक्शन तैयार किए गए हैं, जहां 48 प्रजातियों के 15,500 से ज्यादा गमले प्रदर्शित किए गए हैं। डहलिया, पेटूनिया, पैंसी, साल्विया और गेंदा जैसे मौसमी फूल खास आकर्षण का केंद्र हैं।

यहां ट्रे गार्डन, लैंडस्केप गार्डन, बड़े हैंगिंग बास्केट, टेरारियम, पूर्वी और पश्चिमी शैली की पुष्प सज्जाएं, जिनमें इकेबाना भी शामिल है, देखने को मिल रही हैं। जानवरों और पक्षियों के आकार में तैयार फ्लोरल फिगर, रंग-बिरंगे बोर्ड और पिरामिड, दिल, शंकु और बेलनाकार संरचनाएं खास तौर पर सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित की गई हैं।

जनता के लिए मुफ्त प्रवेश (Free Entry for Public)

यह उत्सव 3 मार्च से 6 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खुला रहेगा और प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क है। यहां नर्सरी पौधे, बोनसाई, कैक्टस और सक्यूलेंट, हर्बल पौधे, हाइड्रोपोनिक सिस्टम, गार्डनिंग टूल्स, बीज, गमले, खाद और सजावटी सामग्री की बिक्री के लिए भी स्टॉल लगाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से परिवार के साथ फेस्टिवल में आने और राजधानी को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाए रखने के सामूहिक संकल्प में शामिल होने की अपील की। सेंट्रल पार्क में खिले इन फूलों के बीच दिल्ली सचमुच एक नई खुशबू के साथ मुस्कुरा रही है।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments